कोरोना वायरस: यूपी में दसवें नंबर पर पहुंचा बनारस, छह दिनों में बढ़े सबसे ज्यादा मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण से बचाव के मामले में जिले की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला प्रयास जरूर कर रहा है, लेकिन हालात उम्मीद के मुताबिक सुधर नहीं रहे हैं। प्रदेश के सर्वाधिक संक्रमित मरीजों वाले जिलों में बनारस दसवें नंबर पर पहुंच गया है।
आगरा में सबसे ज्यादा 401 मरीज मिल चुके हैं। वहीं बनारस में अब तक 52 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। यही नहीं, जिले में एक के बाद एक कोरोना संक्रमित मिलते जा रहे हैं। इसे लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। कोरोना संक्रमण से निपटने के उद्देश्य से प्रशासन लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील कर रहा है, लेकिन अब भी लोग नियमों की अनदेखी कर खुद के साथ दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की स्टेट सर्विलांस सेल की ओर से रोजाना जारी किए जा रहे जिलेवार आकंड़ों पर गौर करें तो प्रदेश के कुछ ऐसे जिले हैं, जहां संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। इसमें बनारस भी शामिल है। पूर्वांचल में तो सबसे ज्यादा मरीज बनारस में ही सामने आए हैं।
किस जिले में मिले कितने संक्रमित
आगरा 401, कानपुर 205, लखनऊ 201, सहारनपुर 181, गौतमबुद्ध नगर 134, मुरादाबाद 109, फिरोजाबाद 100, गाजियाबाद 100, मेरठ 94, बनारस 52, बुलंदशहर 50, रायबरेली 44, बिजनौर 31, शामली 27, हापुड़ 26, अमरोहा 25, अलीगढ़ 24, संतकबीरनगर 23, बस्ती 23 और रामपुर 21 (28 अप्रैल तक के आकंड़े) ।
पूर्वांचल में बनारस में सर्वाधिक मरीज
कोरोना के संक्रमित मरीजों के जारी आकंड़ों के मुताबिक, पूर्वांचल में बनारस में सबसे अधिक 52 मरीज मिले हैं। प्रयागराज 4, गोरखपुर 1, जौनपुर 8, गाजीपुर 6, आजमगढ़ 8, मिर्जापुर 3, भदोही एक, महराजगंज 6 और मऊ में अब तक एक व्यक्ति संक्रमित हुआ है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। लोगों को चाहिए कि लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें। सभी विभागों के समन्वय के साथ जल्द ही कोरोना को नियंत्रित किया जा सकेगा।
वाराणसी में अब तक 14 हॉटस्पॉट बनाए जा चुके हैं। जिनमें मदनपुरा, लोहता, गंगापुर, बजरडीहा, नक्खीघाट, पितरकुंडा, मढौली, सप्तसागर, मुकीमगंज, काशीपुरा, रेवड़ी तालाब, काजीपुरा खुर्द, संजय नगर पहड़िया क्षेत्र शामिल हैं।