कोरोना संक्रमित विधायक के कुनबे में भी पहुंचा कोरोना वायरस, भाई और पोती मिली पॉजिटिव
- जौनपुर जिले के शाहगंज विधायक के कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने के बाद भाई और पोती भी मिली संक्रमित।
- विधायक के कोरोना से संक्रमित होने के बाद परिवार के 25 सदस्यों का लिया गया था सैंपल।
- लखनऊ में जांच कराने वालों की आई रिपोर्ट, जौनपुर में सैंपल देने वालों को अभी करना होगा इंतजार।
विस्तार
जौनपुर जिले के शाहगंज से सपा विधायक और पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के बाद अब उनके परिवार में भी कोरोना वायरस का संक्रमण पहुंच गया है। विधायक के भाई संजय यादव व एक पोती की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
दोनों के सैंपल विधायक के पॉजिटिव मिलने के बाद लिए गए थे। गुरुवाकर को रिपोर्ट आने के बाद उन्हें भी लखनऊ के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। परिवार के कई अन्य सदस्यों की रिपोर्ट अभी आनी शेष है।
सपा सरकार में मंत्री रहे शैलेंद्र यादव उर्फ ललई जिले की शाहगंज सीट से विधायक हैं। बुखार की शिकायत पर उन्होंने 15 को उन्होंने लखनऊ में जांच कराई थी। 16 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। विधायक के संक्रमित मिलने के बाद लखनऊ व जौनपुर में रह रहे परिवार के कुल 25 सदस्यों का सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था।
इसमें लखनऊ में रह रहे परिवार के आठ सदस्यों की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई। विधायक के छोटे भाई व हाईकोर्ट के अधिवक्ता संजय यादव और पौत्री एक वर्षीय सिद्धी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अन्य सभी निगेटिव पाए गए हैं।
विधायक शैलेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जौनपुर में रह रहे सदस्यों के सैंपल बुधवार को लिए गए थे। उनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर कार्यकर्ताओं के बीच आएंगे। विधायक के परिवार में संक्रमण फैलने के बाद उनके संपर्क में आए अन्य लोगों में भय और बढ़ गया है। सपा के कई नेताओं ने खुद को क्वारंटीन में कर लिया है। लोगों से दूरी बनाते हुए वह भी अपनी जांच करा रहे हैं।