बलिया और भदोही में मिले कोरोना मरीज, गाजीपुर में दो बैंक कर्मचारी संक्रमित मिलने से हड़ंकप
पूर्वांचल के गाजीपुर, भदोही और बलिया जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। गाजीपुर में दो बैंक कर्मचारी संक्रमित मिले हैं, तो वहीं बलिया में सात और भदोही में पांच मरीज मिले हैं, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई है।
गाजीपुर जिले में सोमवार की सुबह स्वास्थ्य विभाग की जारी रिपोर्ट में शहर के महुआबाग स्थित एसबीआई के मुख्य ब्रांच के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक कर्मचारी शहर के आमघाट कॉलोनी और दूसरा काली नगर कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों किराए के मकान में रहते थे। अब कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 327 तक पहुंच गई।
बैंक कर्मचारियों के पॉजिटिव मिले के बाद उनके परिजनों एवं बैंक के अन्य कर्मचारियों की सैंपलिंग की जा रही है। जिले में अब तक कुल 8,177 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है। इनमें से 7,365 के रिजल्ट निगेटिव आए हैं। जबकि 327 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अभी 463 लोगों की रिपोर्ट नहीं आई है। जबकि कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
भदोही में पांच नए मरीज
भदोही जिले में सोमवार को कोरोना के पांच नए मरीज मिले है। इसके साथ ही जिले में एक बुजुर्ग प्रवासी की कोरोना से मौत हो गई है। मृतक बुजुर्ग घर पर क्वारंटीन था, जिसकी कुछ दिनों पहले मौत हुई थी, इसके बाद में सैंपल लिया गया था। सीएमओ डॉ लक्ष्मी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। आज पांच कोरोना मरीज मिलने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 134 हो गई है।
बलिया में भी सोमवार को सात नए मरीज मिले हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या 112 हो गई है। अब तक बलिया में कुल 105 मरीज थे।