मिर्जापुर में तीर्थ पुरोहित निकला कोरोना पॉजिटिव, पूर्वांचल के इन जिलों में भी मिले संक्रमित
- पूर्वांचल के आजमगढ़, मिर्जापुर और जौनपुर जिले में बुधवार को कोरोना वायरस के नए मामले मिले।
- आजमगढ़ में दो, मिर्जापुर में एक और जौनपुर 24 मरीज कोरोना वायरस पॉजिटिव मिले।
- आजमगढ़ में कुल मरीज 160, मिर्जापुर में 42 और जौनपुर में 351 हुई मरीजों की संख्या।
विस्तार
पूर्वांचल के आजमगढ़, मिर्जापुर और जौनपुर जिले में बुधवार को कोरोना वायरस के नए मामले सामने आए हैं। आज मिर्जापुर के विंध्याचल में तीर्थ पुरोहित कोरोना पॉजिटव मिला है, तो वहीं आजमगढ़ में दो और जौनपुर में 24 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मिर्जापुर जिले में बुधवार को कोरोना का एक और मामला सामने आया है। विंध्याचल निवासी एक तीर्थ पुरोहित की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। चार दिन पहले मंडलीय अस्पताल में सैंपल लिया गया था। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 42 हो गई। इसमें 27 ठीक होकर घर जा चुके हैं। इस समय 15 एक्टिव केस हैं।
जौनपुर में मिले कोरोना वायरस के 24 मरीज :
जौनपुर जिले में बुधवार को 24 कोरोना वायरस से संक्रमित लोग मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना वायरस के मामले 351 हो गए हैं। सीएमओ डॉ रामजी पांडेय ने बताया कि आज मिले मरीजों में सबसे ज्यादा 17 मरीज बरसठी ब्लॉक के हैं। इनके अलावा सोंधी ब्लॉक में तीन, सुजानगंज, बदलापुर, महराजगंज और मछलीशहर में एक-एक नए मरीज की पहचान हुई है। जिले में अब कोरोना के कुल केस 351 हो गए हैं। इसमें एक्टिव केस 164 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 184 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
आजमगढ़ जिले में आज फिर मिले दो कोरोना मरीज :
आजमगढ़ जिले में बुधवार को दो कोरोना वायरस के मरीज मिले। इसमें एक विदेश से आया था तो दूसरा किसी और राज्य से आया था। विदेशी से आए व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जिसकी आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओं डॉ एके मिश्रा ने बताया कि जिले में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 160 पहुंच गई है। इसमें 81 अभी भी सक्रिय हैं। 75 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और चार की मौत हुई है।
वाराणसी में 241 मरीज :
वाराणसी में अभी कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 241 है। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि आईएमएस बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी लैब से मंगलवार को आए 218 सैंपल की दो पॉजिटिव रिपोर्ट आईं और बाकी 215 की रिपोर्ट निगेटिव आई थीं। जिले में 149 मरीज स्वस्थ हो गए हैं, तो वहीं पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 88 लोगों का इलाज किया जा रहा है।