#JantaCurfew: पुलिस अफसर बोले- शुक्रिया काशीवासियों, ऐसे ही सहयोग करते रहें, कोरोना को हराएंगे
जनता कर्फ्यू के प्रति काशीवासियों की गंभीरता, सतर्कता और सहयोग को पुलिस महकमे के आला अफसरों ने भी खासा सराहा है। पुलिस अफसरों ने काशीवासियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इसी तरह का सहयोग आगे भी बनाए रखें। कोरोना वायरस हारेगा और हम सब जीतेंगे।
एडीजी जोन बृज भूषण ने कहा कि काशीवासियों ने जिस तरह से जनता कर्फ्यू को हाथोंहाथ लेकर सजगता और सतर्कता दिखाई, वह प्रशंसनीय है। हमें अभी कोरोना वायरस से लंबी लड़ाई लड़नी है और जन सहयोग के बगैर उसे हराया नहीं जा सकता है। पुलिस आपके साथ है, इसी तरह से सहयोग आगे भी करते रहें। आईजी रेंज विजय सिंह मीणा ने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब के प्रतीक शहर काशी के लोगों ने एक बार फिर प्रदेश और देश के साथ ही दुनिया को संदेश दिया है कि अच्छे कार्यों में वह सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
जनता कर्फ्यू काशी में पूरी तरह से सफल रही तो यह यहां के लोगों की देन है। आप हमारा सहयोग करें, हम आपकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि जन सहयोग के बगैर अच्छे और बड़े उद्देश्यों को अंजाम तक नहीं पहुंचाया जा सकता है।
काशीवासियों से अपील है कि कोरोना वायरस के खिलाफ वह आगे भी इसी तरह से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करते रहें। आज काशीवासियों ने जिस तरह से सहयोग किया, उसके लिए वाराणसी पुलिस उनके प्रति आभार प्रकट करती है। साथ ही, हमारा वादा है कि हम आपकी सेवा में सदैव सजगता और सतर्कता बरतेंगे।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह और एसपी ग्रामीण एमपी सिंह ने कहा कि पुलिस महकमा चौबीसों घंटे काशीवासियों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। काशीवासी अपने घरों के अंदर रहें। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी उपाय अपनाएं। इसके साथ ही जनहित से जुड़े मामलों में पुलिस और प्रशासन का सहयोग सदैव इसी तरह से करते रहें।