Varanasi News: आंबेडकर के साथ अखिलेश के पोस्टर पर विवाद, BJP का प्रदर्शन; राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया
BJP News: भीमराव आंबेडकर और अखिलेश यादव के पोस्टर को लेकर शहर भर में भाजपाजनों ने अपने-अपने तरीके से नाराजगी जताई। सपा को दलितों, पिछड़ों का दुश्मन बनाया। कहा कि अखिलेश शुरू से वोट बैंक की राजनीति करते आ रहे हैं।
विस्तार
UP Politics: भाजपा की जिला और महानगर इकाई ने बुधवार को कचहरी स्थित आंबेडकर पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा। भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर से अपनी तुलना करना ठीक नहीं है। अपनी तस्वीर के साथ बाबा साहब की तस्वीर को जोड़ना गलत है। यह बाबा साहब का अपमान है। इसका समाज का हर तबका विरोध करेगा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन और कई सूत्री मांगों का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि सपा प्रमुख ने बाबा साहब के चित्र के बराबर अपनी तस्वीर लगाई है, यह केवल राजनीतिक अहंकार नहीं, बल्कि दलित समाज की भावनाओं के साथ किया गया एक निंदनीय मजाक है।
अखिलेश यादव का उद्देश्य बाबा साहब का सम्मान नहीं, बल्कि दलितों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करना है। बाबा साहब का पूरा जीवन समता, अधिकार और न्याय की लड़ाई में बीता, जबकि अखिलेश यादव ने केवल राजनीतिक विरासत को बचाने का काम किया है।
एमएलसी ने जताई नाराजगी
एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने भी इस प्रयास को दलित समाज के साथ धोखा बताया और कहा कि सपा प्रमुख ने पहले भी संस्थानों से डॉ. आंबेडकर के नाम हटवाए थे। अब उनकी छवि से लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में अखिलेश यादव से माफ़ी मांगनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जगदीश त्रिपाठी ने किया और संयोजन की जिम्मेदारी एडवोकेट अशोक कुमार जाटव ने निभाई। प्रदर्शन में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, चंद्रशेखर उपाध्याय, आलोक श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा, आत्मा विशेश्वर, मधुकर चित्रांश, नवरतन राठी आदि शामिल रहे।