UP: मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, डीएम के नाम ज्ञापन; कार्रवाई की मांग
Varanasi News: वाराणसी में कांग्रेस ने प्रस्तावित मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का विरोध करते हुए जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि बिना ठोस कारण मतदान केंद्र बदलने से मतदाताओं को परेशानी होगी और मतदान प्रभावित होगा। पार्टी ने निष्पक्ष, पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने तथा जनसुनवाई के बाद ही निर्णय लेने की मांग की।
विस्तार
UP Politics: महानगर कांग्रेस कमेटी ने वाराणसी जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण पर कड़ी आपत्ति जताई है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष, पारदर्शी और मतदाता हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। वर्षों से संचालित मतदान केंद्रों को बिना किसी स्पष्ट और सार्वजनिक कारण के स्थानांतरित किए जाने से मतदाताओं को भारी असुविधा होगी। इससे मतदान प्रतिशत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कांग्रेस ने मांग की कि सभी पूर्व निर्धारित मतदान केंद्रों को यथावत रखा जाए। यदि किसी केंद्र का स्थानांतरण अपरिहार्य हो तो उसका स्पष्ट एवं लिखित कारण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्र के नागरिकों तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां और सुझाव प्राप्त करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि यदि लंबे समय से संचालित मतदान केंद्रों को अचानक बदल दिया जाता है तो सबसे अधिक परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मतदाताओं को होगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती अधिक से अधिक मतदान में निहित है। ऐसे में कोई भी निर्णय ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो या उन्हें मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय करनी पड़े। उन्होंने प्रशासन से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्णय लेने की अपील की।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी कर मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का निर्णय लिया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर इसका विरोध करेगी। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अशोक सिंह, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी, अफसर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।