UP Chunav 2022: वाराणसी में दीपेंद्र हुड्डा बोले- देश के लिए कांग्रेस ने दी है कुर्बानी, केंद्र और प्रदेश सरकार पर बोला हमला
बनारस एक दिवसीय दौरे पर आए दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार व जनसभा भी की।
विस्तार
शनिवार को बातचीत के दौरान राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस पर परिवारवाद व आतंकवाद का साथ देने के आरोप पर जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस से ज्यादा आतंकवाद को किसने झेला है। केंद्र व प्रदेश सरकार के पास जनता के लिए कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे में वह इस स्तर की बयानबाजी कर रहे हैं।
हुड्डा ने कहा कि इस बार कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और निश्चित तौर पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दावा किया कि पांच राज्यों में हो रहे चुनाव में चार में कांग्रेस सरकार बनाएगी। हम अपनी नेता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। हमारे पास संख्या बल नहीं था इसके बावजूद हमने विपक्ष का नैतिक बल बढ़ाने का कार्य किया।
हर वर्ग के साथ पार्टी खड़ी हुई। हाथरस की लड़की रही हो या खीरी की घटना पीड़ित सभी के साथ पार्टी खड़ी हुई। विपक्ष के लोग नहीं पहुंचे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी पर एक दिन के लगे प्रतिबंध के बाबत उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपने नैतिक कर्तव्यों को भूल चुका है। यह वह वक्त है जब आयोग को अपनी साख बचानी चाहिए अन्यथा आयोग की व्यवस्था पर लोगों का भरोसा उठ जाएगा।
देश के लोगों में ये धारणा बन रही है कि वह शासन से मिलकर काम कर रहा है। बनारस में एक दिवसीय दौरे पर आए दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार प्रसार व जनसभा भी की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जितेंद्र सेठ, विजय शंकर मेहता, मुदिता कपूर, प्रजानाथ शर्मा, अनिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।