Varanasi News: लू प्रबंधन पर दें ध्यान, स्वास्थ्य केंद्रों में बनवाएं कोल्ड रूम; कमिश्नर ने दिए ये खास निर्देश
Varanasi News: कमिश्नर एस राजलिंगम ने कहा कि लू प्रबंधन पर ध्यान दें। कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में कोल्ड रूम बनवाएं। जहां जरूरत हो वहां पानी के टैंकर की उपलब्ध कराए जाएं।
विस्तार
कमिश्नर एस राजलिंगम ने कहा कि लू प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि अधिक तापमान पर होने वाली गंभीर समस्याओं से निपटा जा सके। उन्होंने सभी को पीने के पानी का उचित प्रबंध और स्वास्थ्य केंद्रों पर कोल्ड रूम बनवाने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां पानी के टैंकर की उपलब्ध कराए जाएं। गोशालाओं में पेयजल के इंतजाम के साथ जूट के पर्दे से आड़ करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने मंडल के सभी अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में आने को कहा। उन्होंने कहा कि जो भी मुद्दे हों, उनके जवाब के साथ उपस्थित होंगे। संभावना पर कोई बात नहीं होगी। उन्होंने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडलीय समीक्षा बैठक से पूर्व जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उसकी कार्यवृत्ति प्रस्तुत करें।
पशुधन विभाग की समीक्षा में अंडा उत्पादन में अपेक्षित प्रगति लाने को कहा। उद्योग विभाग की समीक्षा में पीएम विश्वकर्मा योजना की पूरी जानकारी नहीं होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को पूरी जानकारी के साथ उपस्थित होने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना में चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर को लक्ष्य प्राप्त करने के लिए रोज का प्लान बनाकर जून तक 95% कार्य पूरा करने को कहा।
मंडलायुक्त ने जिला सुरक्षा समिति की बैठक में एंटी-भू-माफिया टास्क फोर्स और कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी को टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने को कहा। उन्होंने महिला उत्पीड़न, गैंगस्टर करवाई, गो-तस्करी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मंडलायुक्त ने राजस्व वाद का उचित तथा गुणवत्ता निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीआईजी वैभव कृष्ण, वाराणसी के डीएम सत्येंद्र कुमार, जौनपुर के डीएम दिनेश चंद्र, गाजीपुर के डीएम अविनाश कुमार, चंदौली के डीएम चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य, जौनपुर डॉ. कौस्तुभ, गाजीपुर डॉ. ईरज राजा, सीडीओ हिमांशु नागपाल आदि मौजूद रहे।