Varanasi: मंडलायुक्त और पुलिस आयुक्त ने टेंट सिटी का देखा हाल, गंगा पार रेत पर गंदगी करने वालों की खैर नहीं
गंगा के सुरम्य तट पर बस रही टेंट सिटी लोगों के लिए 15 जनवरी से उपलब्ध होगी। मंडलायुक्त और पुलिस आयुक्त ने बुधवार को शहरी सुविधा से जुड़े सभी विभागों के प्रमुखों के साथ गंगा पार में सज रहे टेंट सिटी का निरीक्षण किया।
विस्तार
वाराणसी में गंगा पार रेती में बस रही टेंट सिटी को सभी सुविधाओं से युक्त करने के लिए अस्पताल, फायर स्टेशन, पुलिस चौकी सहित आकस्मिक परस्थितियों से निपटने सभी संसाधनों से लैस किया जाएगा। टेंट सिटी परिसर में ही एक कॉटेज में दमकल, जल पुलिस और एनडीआरएफ के जवान 24 घंटे मौजूद रहेंगे।
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा व पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने बुधवार को शहरी सुविधा से जुड़े सभी विभागों के प्रमुखों के साथ गंगा पार में सज रहे तंबुओं के शहर का निरीक्षण किया। नमो घाट से नाव से टेंट सिटी पहुंचे मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने जल निगम के अधिकारियों से कहा कि टेंट सिटी के दोनों स्थानों से सीवर जोड़ने के लिए डाली गई लाइन और अंत तक के कनेक्शन की फिर से जांच कर ली जाए। ताकि सीवर लाइन लीकेज आदि की शिकायत किसी भी हालत में नहीं आए।
टेंट सिटी में अस्पताल के लिए जगह का निर्धारण करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी संदीप चौधरी से कहा कि डाक्टरों की नियुक्ति की जाए और इमरजेंसी सुविधा अवश्य यहां मिले। अग्निशमन अधिकारी को मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि टेंट सिटी के सभी कर्मचारियों की ट्रेनिंग कराएं और 13 जनवरी से पहले मॉक ड्रिल भी कराएं।
मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त से कहा कि गंगा पार में जो व्यक्ति, नाविक, घोड़े-ऊंट वाले कचरा छोड़ कर जाते हैं, उन पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाए तथा गंगापार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगवाई जाए। टेंट सिटी के पर्यटक और अन्य लोग गंगा पार रेती पर अलग-अलग रहें, इसके लिए अच्छी तरह से बैरिकेडिंग कराएं।
टेंट सिटी में खुलेगी अस्थाई पुलिस चौकी
पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने टेंट सिटी की सुरक्षा व्यवस्था परखी और पुलिस चौकी खोलने का आदेश दिया। उन्होंने डीसीपी काशी आरएस गौतम से चौकी के संरचना पर चर्चा की और यह तय किया कि इस चौकी पर प्रभारी निरीक्षक की तैनाती की जाएगी। उन्होंने इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का भी निर्णय लिया और अधीनस्थों को इसकी ताकीद भी की।
गंगा किनारे रेती पर बस रहे टेंट सिटी की सुरक्षा खुद कंपनी करेगी। कानून व्यवस्था के लिहाज से कमिश्नरेट पुलिस की अस्थाई चौकी खुलेगी। इसमें इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और चार हेड कांस्टेबलों की तैनाती होगी। सभी की आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। पेट्रोलिंग और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अस्थाई पुलिस चौकी पर होगी। हफ्ते भर के अंदर ही चौकी पर तैनात होने वाले प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।