सीएम योगी ने किया निरीक्षणः मुख्यमंत्री बोले- भव्य आकार ले रहा काशी विश्वनाथ धाम, नवंबर तक पूरा हो जाएगा काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने दर्शन-पूजन के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा विश्वनाथ का धाम अब भव्य स्वरूप ले रहा है। गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय से कार्य को पूर्ण कराना हमारी प्राथमिकता है। धाम के निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही ना बरती जाए।
रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण करने के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को तय समय में कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। वो रविवार की शाम 7:40 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उनका काफिला छत्ताद्वार से होते हुए मंदिर परिक्षेत्र में पहुंचा। सीएम ने श्री काशी विश्वनाथ को षोडशोपचार पूजन किया। पूजन के बाद सीएम ने धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
सीएम योगी ने मंदिर क्षेत्र में प्रवेश के लिए बनाए जा रहे मुख्य द्वारों को देखा। इस दौरान मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने सीएम को बताया कि धाम का लगभग 70 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। नवंबर तक धाम का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सीएम को निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी भी दी। धाम का निरीक्षण करने के बाद सीएम बाबतपुर से लखनऊ रवाना हो गए।
समीक्षा बैठक में बोले सीएम योगी- सड़कें दीपावली तक गड्ढा मुक्त कर दी जाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, कोविड प्रबंधन एवं स्वच्छता की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 13 से 19 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात व बाढ़ से गांवों एवं शहरों की खराब हुई सड़कें दीपावली तक गड्ढा मुक्त कर दी जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी बुखार व अन्य बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। इसलिए निगाह रखें कि कोई अस्पताल, पैथोलॉजी मरीज से मनमाना पैसा नहीं वसूले। अस्पतालों, आईएमए, दवा विक्रेता संगठनों के साथ बैठक कर सुनिश्चित करें कि कहीं दवाओं व आवश्यक उपकरणों आदि की कमी नहीं हो। माफिया सक्रिय नहीं होने पाए। कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, यहां हर कार्य नियमानुसार, मानक के साथ अच्छा व अनुकरणीय हो। 25 सितंबर को पूरे प्रदेश के हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला का उद्घाटन जनप्रतिनिधि से कराएं।