वाराणसी में सीएम योगी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन, कोरोना से निजात दिलाने की कामना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की देर शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने बीएचयू स्थित डीआरडीओ अस्पताल पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। फिर आयुक्त कार्यलाय में अधिकारियों संग कोविड समीक्षा बैठक की।
विस्तार
वाराणसी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की देर शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेका। सीएम ने बाबा विश्वनाथ से प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और कोरोना महामारी से निजात दिलाने की कामना भी की।
सोमवार की देर शाम 9:20 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। पांचो पांडव प्रवेश द्वार से होते हुए सीएम मंदिर परिसर पहुंचे। इस दौरान मंदिर के अर्चक द्वारा बाबा की विधि विधान से षोडशोपचार पूजन किया। पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में लगे कॉरिडोर के मैप पर भवनों के निर्माण की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।
उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर उसकी अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि 53 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि कोविड में लगभग 20 लाख रुपए से दवा और उपकरण की सप्लाई की गई है।
वहीं लगभग 500 परिवारों को राशन का किट वितरित किया गया। जानकारी लेने के पश्चात मुख्यमंत्री मंदिर चौक परिसर गए जहां गरीबों को राहत की सामग्री वितरित की। इस दौरान डीएम, नगर आयुक्त, डिप्टी कलेक्टर, विशेष कार्याधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी उपस्थित रहे।
नजरबंद किए गए अक्षयवट हनुमान मंदिर के महंत
सीएम केआगमन के पूर्व श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र स्थित अक्षयवट हनुमान मंदिर और शिव कचहरी के महंत को नजरबंद कर दिया गया। सीएम के आगमन के पहले महंत बच्चा पाठक और राजू पाठक के घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी।
बता दें कि पिछले महीने विश्वनाथ धाम निर्माण कार्य के दौरान अक्षयवट वृक्ष कार्यदायी संस्था की लापरवाही से ढह गया था। मंदिर के महंत बच्चा पाठक ने बताया कि वह सीएम से मिलकर अपनी बात रखने वाले थे। उससे पूर्व दशाश्वमेध थाने से पुलिस उनके टेढ़ीनीम आवास पर पहुंची और सीएम के काशी विश्वनाथ मंदिर से जाने तंक मंदिर महंत को घर में नजरबंद किया गया।