{"_id":"660a1c6237863662c001a633","slug":"child-sitting-in-mother-lap-fell-30-feet-due-to-auto-collision-in-varanasi-2024-04-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसा: ऑटो की टक्कर से मां की गोद में बैठा डेढ़ साल का मासूम 30 फीट नीचे गिरा, स्कूटी पर सवार थी महिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसा: ऑटो की टक्कर से मां की गोद में बैठा डेढ़ साल का मासूम 30 फीट नीचे गिरा, स्कूटी पर सवार थी महिला
Mon, 01 Apr 2024 08:01 AM IST
प्रगति चंद
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: प्रगति चंद
Updated Mon, 01 Apr 2024 08:01 AM IST
सार
वाराणसी जिले में ककरमत्ता रेल ओवरब्रिज पर एक ऑटो की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की गोद से छिटककर बच्चा 30 फीट नीचे गिर गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जबकि ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
ऑटो की टक्कर से ककरमत्ता पुल से नीचे गिरकर घायल हुआ मासूम।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वाराणसी के ककरमत्ता रेल ओवरब्रिज (आरओबी) पर रविवार की देर शाम तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से स्कूटी पर सवार मां की गोद में बैठा डेढ़ वर्षीय मासूम छिटककर लगभग 30 फीट नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मासूम को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरओबी पर जाम लग गया। आरोपी चालक ऑटो छोड़ कर भाग गया। पुलिस ऑटो को कब्जे में लेकर रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
चांदपुर क्षेत्र के गोकुल नगर निवासी अध्यापक अंकित पांडेय अपनी पत्नी वर्षा पांडेय और डेढ़ वर्षीय पुत्र कुशाग्र पांडेय के साथ स्कूटी से मंडुवाडीह से चितईपुर की तरफ जा रहे थे। वह ककरमत्ता आरओबी पर चढ़कर आगे बढ़े ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे वर्षा की गोद में बैठा कुशाग्र छिटककर आरओबी से नीचे जा गिरा।
विज्ञापन
बच्चे के नीचे गिरते ही वर्षा और अंकित चीखे। इससे गुजर रहे राहगीर ठिठक गए। आननफानन में लोग नीचे भागे। सूचना पाकर ट्रैफिक पुलिस के एसआई देवेंद्र पांडेय अपने साथियों के साथ पहुंचे। बच्चे को समीप के निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
ऑटो की टक्कर से अंकित भी चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद पुल पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ का फायदा उठा कर ऑटो चालक भाग निकला। मंडुवाडीह थाने की पुलिस क्रेन से ऑटो खिंचवा कर ले गई। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।