Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Chhath Preparations completed 51 Ganga ghats Ghazipur five lakh people expected gather security challenge

छठ: गाजीपुर के 51 गंगा घाटों पर अभी तक पूरी नहीं हो पाईं तैयारियां, जुटेंगे पांच लाख लोग; सुरक्षा की चुनौती

Thu, 12 Nov 2026 05:47 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर।
अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर। Published by: Aman Vishwakarma Updated Thu, 12 Nov 2026 05:47 AM IST
सार

गाजीपुर में डाला छठ महापर्व पर करीब पांच लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं की चुनौती है, लेकिन तैयारियां अब तक अधूरी हैं। जिले के 51 गंगा घाटों पर सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। उधर, छठ पर्व नजदीक आने के साथ श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हैं, जबकि जिम्मेदार विभागों की सुस्ती पर सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन
Chhath Preparations completed 51 Ganga ghats Ghazipur five lakh people expected gather security challenge
नदी किनारे बेदी बनाते हुए। - फोटो : संवाद

विस्तार

गाजीपुर जनपद में डाला छठ महापर्व को लेकर लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। कई गंगा घाटों पर वेदी बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है। जिला प्रशासन भी श्रद्धालुओं के सुरक्षा व सहूलियत के मद्देनजर तमाम दावे कर रहा है। लेकिन, जमीन पर जिला प्रशासन की तैयारियां आधी-अधूरी दिख रही हैं। जिले में 90 किलोमीटर लंबा गंगा का तटीय क्षेत्र है। साथ ही 51 गंगा घाट हैं। इनमें से 30 प्रतिशत यानी 15 से अधिक गंगा घाटों पर अभी कोई तैयारी नहीं दिख रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार पूरे जिले में करीब पांच लाख लोग लोक आस्था के महापर्व डाला छठ में शामिल होते हैं।

विज्ञापन


अकेले शहर में 25 हजार लोग डाला छठ महापर्व में शामिल होते हैं। शहर में 15 प्रमुख गंगा घाट हैं। ऐसे में पांच लाख लोगों की सुरक्षा प्रशासन के लिए एक चुनौती है। यही कारण है कि जिला प्रशासन की ओर से डाला छठ महापर्व को लेकर कई प्रकार की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की बात कही जा रही है। 
विज्ञापन


जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, चेजिंग रूम, गोताखोरों व नाविकों की तैनाती तथा उनका मोबाइल नंबर घाट पर अंकित किया जाना, गहरे पानी में न जाने को लेकर चेतावनी बोर्ड आदि चीजें शामिल हैं। 13 नवंबर से नहाय-खाय संग डाला छठ का महापर्व शुरू हो जाएगा। ऐसे में समय बहुत कम हैं, लेकिन उसके सापेक्ष तैयारियों की रफ्तार काफी धीमी दिख रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

जिले के प्रमुख गंगा घाट
गाजीपुर जिले के प्रमुख गंगा घाटों में ददरी घाट, कलक्टर घाट, पक्का घाट, चीतनाथ घाट, नवापुरा घाट, महादेवा घाट, स्टीमर घाट, पोस्ता घाट, सैदपुर घाट, गहमर घाट, वराह गंगा घाट वराह, वीरपुर, शेरपुर आदि शामिल हैं। इन गंगा घाटों का जनपद में एक प्रमुख स्थान है।

तैयारियों में यहां है कमी
गाजीपुर जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर चेजिंग रूम की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है। लेकिन, सामान्य दिनों की तरह अधिकांश गंगा घाटों पर केवल एक चेजिंग रूम है। ऐसे में डाला छठ पर्व पर महिला श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने यह चेजिंग रूम नाकाफी साबित होंगे। कुछ यही हाल बैरिकेडिंग का है। सभी प्रमुख गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग नहीं की गई है। कुछ जगहों पर जुगाड़ के सहारे बांस की बैरिकेडिंग कर दी गई है। अर्घ्य देते समय भीड़ के दबाव में यह बैरिकेडिंग टूट सकती है। इसी तरह प्रकाश, सजावट आदि की व्यवस्था भी विभिन्न कमेटियों के माध्यम से किया जाता है।

Chhath Preparations completed 51 Ganga ghats Ghazipur five lakh people expected gather security challenge
घाट पर कई जगह मिली ऐसी ही गंदगी। - फोटो : संवाद

केस एक - वराह गंगा घाट औड़िहार का एक प्रमुख गंगा घाट है। डाला छठ महापर्व पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लेकिन, यहां पर अभी तक बैरिकेडिंग नहीं की गई है। ऐसे में पूजन के दौरान हादसा होने की संभावना है। लोगों की मांग है कि सुरक्षा को लेकर पहल की जाए।

केस दो - गहमर के नरवा गंगा घाट पर नाविकों व गोताखारों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं है। साथ ही चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में हादसा होने की स्थिति में लोगों को मदद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है। साथ ही जुगाड़ के तहत बांस के सहारे बैरिकेडिंग कर दी गई है।

डाला छठ महापर्व पर महिला श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। इसलिए भीड़ के हिसाब से चेजिंग रूम की व्यवस्था होनी चाहिए। - जयशंकर उपाध्याय, गहमर

वराह गंगा घाट पर अभी तक बैरिकेडिंग नहीं की गई है। जबकि डाला छठ महापर्व शुरू होने में कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - किशन, मेहनाजपुर

संबंधित अधिकारियों को घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, चेजिंग रूम आदि लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम अनुपम शुक्ला की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि डाला छठ महापर्व पर कोई दुर्घटना घटित न होने पाए। - वेद सिंह चौहान, एडीएम

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed