चंदौली: दो युवकों की गोली मारकर हत्या, माइनर और नाले में बोरे में बंद मिले शव; पुलिस जांच में जुटी
चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव में बृहस्पतिवार को करीब दो किलोमीटर की दूरी पर माइनर और नाले से बोरे में बंद दो युवकों के शव मिले। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी और गले पर धारदार हथियार के निशान थे। देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
विस्तार
धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव में बृहस्पतिवार सुबह करीब दो किलोमीटर के दायरे में माइनर और नाले से बोरे में बंद दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की गोली मारकर हत्या करने के बाद धारदार हथियार से गला रेते जाने के निशान मिले हैं। एक युवक के सीने और दूसरे की कनपटी में गोली मारी गई थी। दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए थे। देर शाम तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
माइनर के पास बोरे से रिस रहा था खून
बृहस्पतिवार सुबह गांव के कुछ लोग माइनर की ओर टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें एक बोरा पड़ा दिखाई दिया। बोरे के पास खून रिस रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें करीब 32 वर्षीय युवक का शव मिला। उसकी कनपटी में गोली मारी गई थी। गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। शरीर पर भी चोट के निशान मिले।
युवक ने काली धारीदार शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ में घड़ी और दाहिनी कलाई पर कलावा बंधा था। उसका चेहरा गोल था और दाढ़ी-मूंछ काली थी। दाहिने हाथ पर त्रिशूल और डमरू का टैटू बना था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
दो किमी दूर नाले में मिला दूसरा शव
पुलिस पहले शव की जांच कर ही रही थी कि करीब दो किलोमीटर दूर जमानिया की ओर डेढ़गांवा गांव की सीमा के पास नाले में एक और शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरे में बंद शव बरामद किया। युवक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई। उसके सीने में गोली मारी गई थी। गले और शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले।
दूसरे युवक ने कत्थई रंग की डिजाइनदार टी-शर्ट पहन रखी थी। उसका चेहरा गोल था और दाढ़ी-मूंछ छोटी थी। दाहिनी कलाई पर काला धागा बंधा था। उसके हाथ पर त्रिशूल, डमरू और महाकाल का टैटू बना हुआ था। इस युवक की भी पहचान नहीं हो सकी।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
दो युवकों की हत्या कर शव बोरे में बंद करके फेंके जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन और सकलडीहा के सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सूचना मिलने पर एसपी आकाश पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि दो युवकों के शव बरामद हुए हैं। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड, सर्विलांस और एसओजी की टीमों को लगाया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही हत्याकांड से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।