फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Chain worth about 2 lakh stolen devotee from Andhra Pradesh four pairs trains will remain cancelled

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: श्रद्धालु की डेढ़ लाख की चेन उड़ाई, एंटी करप्शन ने महिला दरोगा को पकड़ा

Wed, 31 Jul 2024 11:28 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 31 Jul 2024 11:28 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के बीच दुर्गाकुंड मंदिर में महिला श्रद्धालु के गले से सोने की चेन उड़ा दी गई। वह आंध्र प्रदेश की रहने वाली है। पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही हैं। वहीं, कैंट और बनारस स्टेशन से गुजरने वाली चार स्पेशन ट्रेनें रद्द रहेंगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Chain worth about 2 lakh stolen devotee from Andhra Pradesh four pairs trains will remain cancelled
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के दुर्गाकुंड मंदिर में बीती शाम दर्शन-पूजन के समय उचक्कों ने आंध्र प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन उड़ा दी। महिला के बेटे ने घटना के संबंध में दुर्गाकुंड पुलिस चौकी पर शिकायत की। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिला श्रद्धालु के अनुसार चेन की कीमत डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा थी।

विज्ञापन


आंध्र प्रदेश के रहने वाले जे नागेंद्र अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काशी भ्रमण और दर्शन-पूजन के लिए आए हुए हैं। दर्शन-पूजन के क्रम में वह देर शाम लगभग 7:30 बजे अपने परिजनों के साथ दुर्गाकुंड मंदिर पहुंचे। 
विज्ञापन


उन्होंने पुलिस को बताया कि मंदिर के अंदर दर्शन-पूजन के दौरान उनकी मां के गले से सोने की चेन किसी ने काट ली। उनकी मां ने शोर मचाया तो उन लोगों ने मंदिर परिसर में चेन की खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना था कि मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगती है, लेकिन वह इधर-उधर रहते हैं। इस वजह से चोर और उचक्के हावी रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


लूट की 3 और उचक्कागिरी की 5 घटनाओं का खुलासा नहीं
कमिश्नरेट की पुलिस की कार्यशैली पर पिछले हफ्ते से बदमाश और उचक्के हावी चल रहे हैं। शिवपुर थाना के कानूडीह में गत 23 जुलाई को फाइनेंस कंपनी के कर्मी को गोली मार कर बदमाशों ने एक लाख दो हजार रुपये लूट लिया था। 

24 जुलाई को उचक्के जंसा थाना क्षेत्र में एक महिला के जेवर लेकर भाग गए थे। 25 जुलाई को रोहनिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक महिला की चेन लूट ली थी। इसी दिन मंडुवाडीह, कैंट और चोलापुर थाना क्षेत्र में उचक्के चार महिलाओं के गहने लेकर भाग गए थे। 

27 जुलाई को बदमाशों ने चितईपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की चेन लूट ली थी। इसी दिन चेतगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की चेन और अंगूठी उचक्के लेकर भाग गए थे। इन सभी घटनाओं में से एक का भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है और न बदमाश पकड़े जा सके हैं।

आदि विश्वेश्वर विराजमान के वाद की सुनवाई 29 अगस्त को
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े एक वाद की सुनवाई हुई। इस मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से वादपत्र की जवाबदेही दाखिल की गई है। अब इस मामले की सुनवाई 29 अगस्त को होगी। 

प्रकरण के अनुसार, ज्योतिर्लिंग आदि विश्वेश्वर विराजमान की तरफ से बड़ी पियरी निवासी इंदू तिवारी और वाद मित्र अनुष्का तिवारी ने वाद दाखिल किया है। इसमें ज्ञानवापी में दर्शन-पूजन और वहां भव्य मंदिर बनवाने में केंद्र व राज्य सरकार को आदेशित करने समेत अन्य मांग शामिल हैं। 

बाबा को चढ़ाया रत्न जड़ित 47 लाख का मुकुट
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दक्षिण भारतीय महिला ने बाबा को 47 लाख का मुकुट चढ़ाया है। सुबह-पूजन अर्चन करने पहुंचीं बंगलूरू की अनिता ने बाबा का विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद रत्न जड़ित मुकुट बाबा को अर्पित किया। मंदिर के मुख्य अर्चक श्रीकांत मिश्र ने विधिवत पूजन कराकर मुकुट को चढ़ाया।

उधर, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान मंदिर का सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने अवलोकन किया। उन्होंने हनुमतलला का पूजन-अर्चन किया। महंत नील कुमार मिश्रा ने प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। महंत ने बताया कि महंत परिवार जल्द ही सीईओ से मिलकर शिव कचहरी मंदिर मार्ग खोले जाने और श्रीराम परिवार व श्रीकृष्ण के विग्रह के पुनः स्थापना के संबंध में वार्ता करेंगे।

बाबा दरबार में कांवड़ियों ने चढ़ाया जल
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों ने दर्शन किए। भोग आरती तक कतार लगी रही। इसमें कांवड़ियों की संख्या ज्यादा थी। देर रात तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए कतार लगी तो भोग आरती यानी साढ़े ग्यारह बजे तक भीड़ रही। आरती के बाद दर्शन का सिलसिला चलता रहा। शाम को सप्तऋषि आरती के बाद से फिर भक्तों की संख्या बढ़ गई। शयन आरती तक भीड़ रही। 

चार जोड़ी ट्रेनें रद्द रहेंगी
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के रोजा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग के चलते कैंट और बनारस स्टेशन से गुजरने या चलने वाली चार जोड़ी ट्रेनें रद्द रहेंगी।काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, दानापुर-आनंद विहार टर्मिनस जनसाधारण एक्सप्रेस और भगत की कोठी-कामाख्या कैंसिल रहेगी।

लापता बीएचयू छात्र के मामले में लापरवाही पर हाईकोर्ट नाराज
हाईकोर्ट ने लंका थाने से बीएचयू छात्र शिव कुमार त्रिवेदी के लापता होने के मामले में विवेचना में लापरवाही पर नाराजगी जताई है। कोर्ट ने पूछा है कि दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के अभियोजन की स्वीकृति देने में क्यों देर की जा रही है। मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति विकास बुधवार की खंडपीठ ने अधिवक्ता सौरभ तिवारी की जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई की।

याचिका के अनुसार बीएचयू छात्र शिव कुमार त्रिवेदी वाराणसी के लंका थाने से फरवरी 2020 में लापता हो गया। इसके बाद छात्र का शव एक तालाब में मिला। मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई। अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने दलील दी कि दोषी पुलिसकर्मियों को बचाया जा रहा है।

तत्कालीन थानाध्यक्ष और विवेचक कुंवर सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने घटना के छह माह बाद जांच शुरू की। जबकि छात्र के शव का पोस्टमार्टम बीएचयू में ही हुआ। इसके बाद भी पुलिस उसका पता लगाने में नाकाम रही। सरकारी वकील ने कहा कि अभियोजन स्वीकृति पर जल्द ही निर्णय हो जाएगा। राज्य सरकार की ओर से प्रगति आख्या प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा।

अतिक्रमण हटवाने गई टीम की व्यापारियाें से हुई नोंकझोक
लोहा मंडी के व्यापारियों ने अतिक्रमण अभियान का विरोध किया। नगर निगम और पुलिस की ओर से चेतगंज, बेनियाबाग, लहुराबीर, मलदहिया आदि क्षेत्रों में दुकानदारों अवैध अतिक्रमण हटवाए। जय सिंह चौराहा से लोहा मंडी तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। 

इस दौरान व्यापारियों और अधिकारियों के बीच नोंकझोंक हुई। इंस्पेक्टर चेतगंज आशीष मिश्रा और व्यापारियों के बीच बहस भी हुई। इस दौरान कुछ व्यापारी रास्ता रोकने लगे। व्यापारियों ने कहा कि बगैर सूचना से अभियान चलाया जा रहा है। लोहे के बड़े वजनी सामान को हटवाने का मौका दिया जाए।

हर बार अतिक्रमण के खिलाफ चलने वाले अभियान के बारे में बताया जाता है। इस बार नहीं बताया गया। इसके बाद दो दिन की मोहलत दी गई। इसके बाद अभियान बंद कर दिया गया। कई दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। इस दौरान कुछ ठेले वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।

कोटवा उपकेंद्र पर ग्रामीणों ने एसएसओ को पीटा, घायल
बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने कोटवा उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ को पीट दिया। इससे उसको गंभीर चोट आई है। सूचना पाकर मौके पर जब तक पुलिस पहुंचती पिटाई करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। इससे नाराज होकर कर्मचारियों में गांव में बिजली आपूर्ति ठप कर दी है।

लोहता क्षेत्र के कोटवा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में मंगलवार को बिजली की आवाजाही जारी रही। इसको लेकर ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर फोन किया तो कर्मचारियों ने लोड अधिक होने की बात कही। 

बीती शाम करीब 7.30 बजे इस कुछ ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे और कटौती का कारण पूछा तो उस समय वहां मौजूद कर्मचारी अमन गिरी ने बताया कि लोड ज्यादा होने की वजह से ही ट्रिपिंग हो रही है। इस पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी अधिक बढ़ गई कि उपकेंद्र पर गए ग्रामीणों में युवकों ने कर्मचारी की पिटाई शुरू कर दी। अमन गिरि का कहना है कि युवक अपने साथ लाठी, डंडा लेकर आए थे। 

उधर सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस भी पहुंच गई लेकिन तब तक हमलावर भाग गए थे। लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आप ने किया प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को शास्त्री घाट पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष ई. रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले के नाम पर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत गिरफ्तार किया गया है। 

आज तक उनके खिलाफ कोई भी सबूत ईडी और सीबीआई कोर्ट में रख नहीं पाई। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के साथ न्याय किया जाए। अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती है, तो संसद से सड़क तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। धरना प्रदर्शन में अखिलेश पांडे, रेखा जायसवाल, रितेश सिंह, अमर सिंह पटेल, सुभाष चंद्र वर्मा मौजूद रहे। 

बीएसए ने बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई
वाराणसी। स्कूल टाइम में खेलते समय दो छात्रों के धक्के से एक छात्रा का हाथ फ्रैक्चर होने के मामले में लापरवाही पर आराजीलाइन ब्लॉक के दीपापुर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निलंबित हो गईं। साथ ही चार अध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने कार्रवाई की।

बीएसए डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि 20 जुलाई को दोपहर 1.45 बजे सहायक अध्यापक संतोष सिंह कक्षा एक के बच्चों को पढ़ा रहे थे। जांच के दौरान प्रधानाध्यापिका मनोरमा सिंह ने बताया कि वह घटना के समय उसी कक्ष में स्कूल का काम निपटा रही थीं।

सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि जिस वक्त घटना हुई वह स्कूल टाइम था और 15 से 20 बच्चे बाहर खेल रहे थे। विद्यालय का कोई अध्यापक या अध्यापिका उनकी निगरानी नहीं कर रहा था। कक्षा एक के दो छात्रों के धक्के से छात्रा श्रेयांशी यादव का हाथ फ्रैक्चर हुआ। लापरवाही के कारण बीएसए ने प्रधानाध्यापिका मनोरमा सिंह को निलंबित कर दिया।

रेनू गोंड मौत मामले में सपा ने मुख्यालय पर किया हंगामा
वाराणसी। नौकरानी रेनू गोंड की मौत के मामले में सपा नेताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट गेट का घेराव के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। सपा नेताओं ने महिला की मौत को असामान्य बताते हुए जांच की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि महिला की हत्या की गई है।

संजय नगर काॅलोनी में अपार्टमेंट में काम करने वाली महिला की चौथे मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच में बताया कि जमीन पर कपड़े में बंधा सामान और ज्वेलरी बिखरा हुआ था। इससे प्रतीत हो रहा है कि महिला चोरी कर भाग रही थी पैर फिसलने से वह गिर गई। 

मृतक महिला के पति सच्चेलाल गोंड ने पुलिस के आरोप को गलत ठहराया और हत्या की आशंका जताई। प्रदर्शन में समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, पूर्व विधायक विकास गोंड, राकेश, विनोद, वरुण, संतोष, अंजनी, अभिनव राय, सत्यम कुमार आदि शामिल रहे।

हॉस्टल के औचक निरीक्षण पर बिफरे छात्र, रजिस्ट्रार कार्यालय पर हंगामा
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पं. बृजनाथ हॉस्टल का सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन बिंदा डी परांजपे ने औचक निरीक्षण किया। हॉस्टल के कमरों में बाहरी लोगों के ठहरे होने की बात कहते हुए उन्होंने कई छात्रों पर पेनाल्टी लगाई। साथ ही इसे न जमा करने पर हॉस्टल कैंसिल कराने की चेतावनी दी। 

वहीं, इस कार्रवाई से छात्र भड़क गए। नाराज छात्रों ने दोपहर बाद तीन बजे रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद छात्र अधिष्ठाता से शिकायत की। छात्रों ने डीन पर मनमानी करने का आरोप लगाया। 

कहा कि सुबह पांच बजे औचक निरीक्षण कर दिया जाता है, जब छात्र सोते रहते हैं, उस समय उनकी तस्वीर ली जाती है। इससे छात्रों की निजता का हनन होता है। सुबह पांच बजे डीन ने पहुंचकर छात्रों की सोते समय फोटो कराई। ग्राउंड फ्लोर के कमरों में रहने वाले छात्रों को ऊपर के कमरों में जाने के लिए कह दिया गया। हॉस्टल कैंसिल करने की चेतावनी देते हुए 3000 रुपये की पेनाल्टी का नोटिस चस्पा कर दिया गया।

बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह ने कहा कि छात्रों ने सोशल साइंस के डीन से भी बातचीत की है। उन्होंने बताया कि सोशल साइंस के साथ आर्ट्स फैकल्टी के छात्रों की भी हॉस्टल में कार्रवाई को लेकर शिकायतें हैं। 

इन सारे मसलों पर बातचीत कर हल निकालने के लिए बुधवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड और छात्र अधिष्ठाता की पहल पर डीन और वार्डेन के साथ बैठक बुलाई गई है। छात्रों को आश्वस्त किया गया है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मामले में प्रो. विंदा डी परांजपे से बात की गई तो उन्होंने प्रकरण की जांच जारी होने का हवाला देते हुए कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

स्वर्वेद महामंदिर में करंट की चपेट में आने से मैकेनिक की मौत
चौबेपुर के उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर में सोमवार की रात निर्माणाधीन परिसर में बिजली संबंधी काम करने के दौरान मैकेनिक करंट की चपेट में आ गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 

चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार मैकेनिक की पहचान झारखंड के पलामू जिला के चैनपुर थाना के गरदा निवासी बीरबल के पुत्र विक्की (25) के रूप में हुई है। 

विवाद के बाद पत्नी मायके गई, पति ने फंदा लगाकर जान दी
चौबेपुर के छितौनी गांव निवासी प्रद्युम्न यादव (25) ने सोमवार की रात अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। प्रद्युम्न के पिता इंदल यादव की सूचना पर चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

परिजनों ने पुलिस ने बताया कि प्रद्युम्न से विवाद के बाद उसकी पत्नी रामपुर ढाब स्थित मायके चली गई थी। इसके बाद से प्रद्युम्न तनाव में था और फंदा लगाकर जान दे दी। प्रद्युम्न की शादी दो साल पहले हुई थी। पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता रहता था। 

एंटी करप्शन ने महिला दरोगा को पकड़ा
मृतक आश्रित कोटे से 2019 बैच की सब इंस्पेक्टर अनोभा तिवारी को एंटी करप्शन की टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते हुए पकड़ा है। दरोगा अनुभा तिवारी को एंटी करप्शन की टीम कैंट थाने ले गई है। वहीं, मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed