CBSE Result 2025 Topper: वाराणसी के टॉपर ने रोज की छह घंटे पढ़ाई तीन विषयों में सौ में से 100 अंक मिले
Varanasi News: जिले में सर्वाधिक 99.40 प्रतिशत अंक पाने वाले आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के सूर्यांश आईएएस बनना चाहते हैं। वहीं दो विषय में 100 में 100 अंक हासिल करने वाली मन्नत कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में जाना चाहती हैं।
विस्तार
सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर रीजन की टॉप 10 की सूची में नाम दर्ज कराने वाले मेधावियों का सपना अलग-अलग क्षेत्र में जाने का है। जिले में सर्वाधिक 99.40 प्रतिशत अंक पाने वाले आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के सूर्यांश आईएएस बनना चाहते हैं। मन्नत कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में जाना चाहती हैं। 99 फीसदी अंक पाने वाली डालिम्स रोहनिया की छात्रा यशस्वी राय मनोवैज्ञानिक बनेगी। परिणाम आने के बाद रीजन के टॉपर्स की सूची में जगह बनाने वाले मेधावियों के स्कूल के साथ-साथ घर पर भी खुशियों का माहौल रहा।
अमर उजाला से बातचीत में सूर्यांश ने बताया कि दसवीं में 96.4 फीसदी अंक मिले थे। तभी तय कर लिया था कि बारहवीं में टॉपरों की सूची में नाम दर्ज कराना है। हर दिन स्कूल की पढ़ाई के अलावा घर पर छह घंटे की पढ़ाई की। पुराने पेपर हल करने पर काफी मदद मिली। इंग्लिश, भूगोल, पेंटिंग में 100 में 100 नंबर मिले हैं।
मूलरूप से महमूरगंज के दयाल इन्क्लेव कॉलोनी में रहने वाले सूर्यांश के पिता दिलीप गुप्ता सप्तसागर दवा मंडी में दवा विक्रेता है जबकि माता अर्चना गुप्ता गृहिणी हैं। सूर्यांश ने बताया कि आगे चलकर आईएएस/ आईएफएस बनना है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक करना चाहते हैं। इसके बाद यूपीएससी की परीक्षा देंगे।
डालिम्स में 40 से अधिक विद्यार्थियों को मिले 80 से ज्यादा नंबर
जयपुरिया में दसवीं में शौर्य, बारहवीं में साक्षी को पहला स्थान
तरना के सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थियों ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। दसवीं में शौर्य राय ने 97.6 प्रतिशत और बारहवीं में साक्षी सेमल ने 97.5 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है। पांच छात्रों ने अलग-अलग विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। देव प्रताप सिंह को 96.8, वैष्णवी शुक्ला 96.6, अंजोर राय 96.2, आरोही श्रीवास्तव 96, अदिति अग्रवाल 96, आयुष खेतान ने 95.4 फीसदी अंक के साथ सफलता अर्जित की। चेयरमैन लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि कुल 120 छात्र शामिल हुए। 35 ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। चेयरमैन ने उज्जवल भविष्य की कामना की है।
ज्ञानदीप एकेडमी के 20 प्रतिशत छात्रों को 90 से अधिक अंक
चितईपुर के ज्ञानदीप एकेडमी के विद्यार्थियों ने दसवीं, बारहवीं में 20 प्रतिशत छात्रों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिले हैं। प्रबंधक त्रिभुवन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ति पांडेय ने बताया कि बारहवीं मानविकी वर्ग में मशरूर फातिमा ने 98 फीसदी पाकर पहला स्थान हासिल किया। आयुषी शर्मा 95.6, अनुराग पटेल 95.4 प्रतिशत अंक के साथ सफल हुए। जीव विज्ञान में साक्षी गुप्ता 97, संजना 90.6, यश मिश्रा 89 जबकि गणित वर्ग में मृत्युंजय कुमार सिंह 93.6, पूर्णेंदू पाठक ने 93.2 अंक प्राप्त किया। दसवीं में शुभ पांडेय, अनन्या श्री यादव 97.6 प्रतिशत अक के साथ पहले नंबर पर रहे। आस्था मौर्या 96, दिव्या सिंह ने 94.8 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की।
मन्नत को मिले दो विषय में 100 में 100
आर्यन इंटरनेशनल स्कूल से बारहवीं की परीक्षा में 99.20 फीसदी अंक पाकर सफलता अर्जित करने वाली मन्नत गुप्ता को दो विषय में 100 में 100 नंबर मिले हैं। उनका सपना लॉ के क्षेत्र में जाने का है। बातचीत में बताया कि दसवीं में 98 प्रतिशत अंक मिले थे। पिता डॉ. गगनदीप सिंह आनंद दंत चिकित्सक और माता ईश्वरीन आनंद टीचर हैं। छह घंटे की पढ़ाई के दौरान स्कूल में जो पढ़ाया जाता था, उसे घर में दोहराती थी। परिवार में इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में सर्वाधिक लोग हैं, इस वजह दूसरे क्षेत्र में जाने का सपना देखा है। कार्पोरेट लॉ के सपने को पूरा करने के लिए क्लैट की परीक्षा दी थी। दिसंबर में ऑल इंडिया रैंकिंग 62वीं मिली।
मनोवैज्ञानिक बनेंगी यशस्वी, रोज चार घंटे की तैयारी
सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा में रीजन के टॉप 10 मेधावियों की सूची में जगह बनाने वाली यशस्वी राय ने डालिम्स रोहनिया से मानविकी संवर्ग से 500 में 495 नंबर हासिल किए। बातचीत में बताया कि मनोवैज्ञानिक बनना चाहती हैं। स्कूल से आने के बाद चार घंटे तक पढ़ाई करती थीं। स्कूल की पढ़ाई को दोहराने के साथ ही परीक्षा की तैयारी चलती रही। पिता मधुकर राय और माता अर्चना राय हैं। यशस्वी को इतिहास, पॉलिटिकल साइंस, कामर्शियल आर्ट में 100 में 100 नंबर मिले हैं।