इंटरनेट बंद: किसी की छूटी ट्रेन तो कोई बर्थ लोकेशन के लिए रहा परेशान, स्टेशनों पर यात्री दौड़ते रहे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल से ट्रेनों की लोकेशन लेने वाले यात्रियों को इंटरनेट बंद होने से शुक्रवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पल-पल की लोकेशन लेने के लिए बेकरार यात्रियों को रेलवे स्टेशनों का चक्कर लगाना पड़ा। इस बीच किसी यात्री की ट्रेन छूटी तो कोई पीएनआर से बर्थ लोकेशन के लिए जूझता रहा। ई-टिकट व्यवस्था वाले इस दौर में खाली हो चुके आरक्षण कार्यालय के काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ भी उमड़ी।
उधर, ट्रेनों के लोकेशन को लेकर यात्रियों की लंबी लाइन कैंट रेलवे स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर लगी रही। किसी को अपने बर्थ की जानकारी के लिए आरक्षण काउंटर पर पीएनआर चेक करने की चिंता थी तो कोई टिकट आरक्षण को लेकर बेकरार रहा।
इंटरनेट बंद होने से यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए रेल कर्मचारियों ने यात्रियों की सुविधाओं में पूरा सहयोग किया। कैंट रेलवे स्टेशन, काशी स्टेशन, सिटी स्टेशन और मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर हर दिन की अपेक्षा आरक्षण व पूछताछ काउंटरों पर अत्यधिक भीड़ रही।
वंदेभारत लेट, जानकारी को यात्री रहे बेचैन
एक तो इंटरनेट बंद रहा तो वहीं निर्धारित समय से दो घंटे लेट शाम को 4.10 बजे पहुंची वंदेभारत एक्सप्रेस की जानकारी के लिए यात्री बेचैन रहे। कैंट स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर लंबी भीड़ में लगकर यात्रियों को वंदेभारत की जानकारी लेनी पड़ी।
उधर, प्लेटफार्म नंबर एक ट्रेन की इंतजार में अधिकतर यात्रियों ने अपने दूर के रहने वाले मित्रों व रिश्तेदारों को फोन करके वंदेभारत की लोकेशन लेते रहे। अचानक इंटरनेट बंद होने से यात्रियों के अलावा साथ में आए परिजनों को भी खूब परेशान होना पड़ा। इस तरह अन्य कई तरह की परेशानियों से यात्रियों को हलकान होना पड़ा।