वाराणसी: आईएमए ब्लड बैंक में भाजयुमो नेता का हंगामा, स्टाफ संग दुर्व्यवहार का आरोप, दो घंटे ठप रहा कामकाज
वाराणसी के लहुराबीर स्थित आईएमए ब्लड बैंक के कर्मचारियों ने गुरुवार को करीब दो घंटे तक कामकाज ठप रखा। आरोप है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े नेता ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ब्लड बैंक में भाजयुमो महानगर से जुड़े नेता के अभद्र व्यवहार के विरोध में कर्मचारियों ने आईएमए का गेट बंदकर दो घंटे तक कामकाज ठप रखा। इससे ब्लड, प्लेटलेट्स लेने आए तीमारदारों को इंतजार करना पड़ा। इसके बाद आईएमए अध्यक्ष डॉ. राहुल चंद्रा और पूर्व पदाधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, इसके बाद कर्मचारी काम पर लौटे।
आईएमए अध्यक्ष के अनुसार यहां 26 सितंबर को शाम करीब 3 बजे भाजयुमो का महानगर कोषाध्यक्ष सुयश अग्रवाल जबरन लैब में घुसने का प्रयास किया। साथ ही कर्मचारियों को धमकी देते हुए कार्य बाधित करा दिया। नेता के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की गई थी।
गुरुवार को पुलिस चौकी पर चौकी इंचार्ज ने भाजयुमो के नेता और कर्मचारियों को बुलाया। चौकी इंचार्ज के सामने भी नेता ने दुर्व्यवहार किया। इस पर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। आईएमए का गेट बंद कर नाराजगी जताई। चेतगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश राय ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. संजय राय, पूर्व सचिव डॉ. आरएन सिंह मौजूद रहे। आईएमए अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस के उच्चाधिकारियों से लेकर पीएम संसदीय कार्यालय और भाजयुमो के प्रदेश नेतृत्व, भाजपा कार्यालय को भी दी गई थी। उधर, भाजयुमो का महानगर अघ्यक्ष सुयश अग्रवाल ने बताया कि आईएमए के कर्मचारियों ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। कार्यबाधित करने का आरोप निराधार है।
तीमारदारों ने किया रास्ता जाम, कार्रवाई की मांग
आईएमए ब्लड बैंक का कामकाज बाधित होने के बाद यहां खून लेने आए मरीजों के तीमारदारों का भी गुस्सा भड़क गया। गेट के सामने रास्ता जाम कर लोगों ने पुलिस से ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।