भाजपा विधायक के विवादित बोल- 'गोडसे से भूल हुई, वह आतंकवादी नहीं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले बलिया जिले के बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या नाथूराम गोडसे की ओर से की गई एक भूल थी। इससे वह आतंकवादी नहीं सिद्ध हो जाता है। हालांकि वे इस सवाल को टाल गए कि क्या गोडसे राष्ट्रभक्त थे।
बैरिया विधायक ने गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्र विरोधी हरकतों में शामिल होने वाला आतंकवादी होता है। गोडसे राष्ट्र विरोधी नहीं थे, ऐसे में उन्हें आतंकवादी नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि गोडसे से भूल जरूर हुई है। उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या नहीं करनी चाहिए थी। इस बीच इस सवाल पर कि क्या गोडसे राष्ट्र भक्त थे, उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की तुलना लोमड़ी से कर दी थी। उन्होंने महाराष्ट्र में सरकार गठन की संभावनाओं को लेकर किए गए सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि कांग्रेस से गठबंधन शिवसेना के लिए आत्मघाती साबित होगा। वहीं एआईएमआईएम नेता सांसद असदुद्दीन ओवैसी को राष्ट्र विरोधी सोच का कह दिया था।