बीएचयू: यूथ फेस्ट में फंड न मिलने के विरोध में धरने पर बैठे छात्र, प्रशासन पर लगाया ये आरोप
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान में हर साल होने वाले यूथ फेस्ट सृष्टि में इस बार फंड न मिलने से नाराज छात्र धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय द्वारा फंड न मिलने और आयोजन के लिए स्वतंत्रता भवन न दिए जाने की वजह से वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव केवल औपचारिकता तक ही सिमट कर रह गया।
संस्थान के मुख्य द्वार पर बैठे छात्र इस मामले में अधिकारियों से बात करने को भी तैयार नही है। बता दे कि बीएचयू मे हर साल संकायों में यूथ फेस्ट का आयोजन स्पंदन के पहले कराया जाता है,जिसमे छात्र कला,साहित्य,सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भाग लेते है और विजेताओं को स्पंदन में भाग लेने का मौका मिलता है।
जानकारी होने के बाद बीएचयू स्थित कृषि विज्ञान संस्थान में धरनारत छात्रों को कृषि संस्थान के निदेशक ने बताया कि मंगलवार को स्वतंत्रता भवन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद छात्र अनिश्चित काल के लिए धरने से उठ गए, लेकिन यह नहीं मिला तो छात्रों ने कहा कि दोबारा धरने पर बैठ जाएंगे।
छात्रों ने बताया कि सृष्टि 2020 कार्यक्रम 31 जनवरी से चल रहा था, जिसे दो दिन बाद रोक दिया गया। संस्थान ने कहा कि डिपार्टमेंट में ही यह उत्सव मनाएं, स्वतंत्रता भवन नहीं दिया जाएगा। जबकि इस वार्षिक समारोह में काफी भीड़ होती है। छात्रों ने यह भी बताया कि स्वतंत्रता भवन का एक दिन का खर्च 9 हजार रुपये है तो क्या संस्थान के पास बजट नहीं है, वहीं एक साल में हर संस्थान को एक दिन के लिये इसे मुफ्त में देने का प्रावधान रहा है।