बीएचयू: काशी हिंदू विश्वविद्यालय को इस महीने मिल सकता है नया कुलपति, प्रो. सुधीर जैन के नाम की चर्चा तेज
आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. सुधीर जैन के नाम की चर्चा तेज हो गई है। बीएचयू के कुलपति का पद 2022 के मार्च में खाली हो जाएगा।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में कुलपति की नियुक्ति पर इसी महीने फैसला होने की संभावना है। हालांकि अभी शिक्षा मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा तो नहीं की गई है लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को इस बात की अटकलें तेज रहीं कि कुलपति बनने की रेस में आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. सुधीर जैन का नाम सबसे आगे है।
इसके अलावा भोपाल के एक शोध संस्थान से जुड़े प्रो. वीके सिंह का नाम भी चर्चा में है। अब सभी को शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी होने वाले आदेश का इंतजार है।
तीन महीने पहले ही कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया होती है शुरू
विश्वविद्यालय में इसी साल मार्च के अंतिम सप्ताह में प्रो. राकेश भटनागर का कार्यकाल पूरा होने के बाद से हर कोई कुलपति की नियुक्ति का इंतजार कर रहा है। नियमानुसार कुलपति का कार्यकाल पूरा होने के तीन महीने पहले से ही नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जनवरी महीने में आवेदन भी मांगे गए। इसके बाद भी जब कोई प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी तो सितंबर में एक बार फिर कुलपति पद के लिए आवेदन मांगा गया।
सूत्रों के अनुसार अब बीएचयू में कुलपति पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। इस बीच सोमवार को सोशल मीडिया पर तो नए कुलपति का नाम और फोटो भी तेजी से वायरल होने लगी। कोई आईआईटी गांधी नगर के निदेशक प्रो. सुधीर जैन तो कोई भोपाल से प्रो. वीके सिंह का नाम तय होने की चर्चा करता रहा। जिस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं उससे ज्यादा संभावना है कि इस महीने के अंतिम सप्ताह तक विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल सकता है।