Year Ender 2025: बीएचयू में 49 महीने बाद मिली ईसी, हेड पर जानलेवा हमले ने कैंपस के 30 हजार लोगों को डराया
Varanasi News: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में पहली बार 29 टॉपर में 20 लड़कियां शामिल रहीं। इस साल भी छेड़खानी की घटनाएं नहीं रूकीं। नमस्ते बीएचयू एप पर अलर्ट बटन तो मिला लेकिन 20 मिनट बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे छात्रा मर गई। पढ़ें ईयर एंडर रिपोर्ट...
विस्तार
Year Ender 2025: साल 2025 एकेडमिक और तकनीक मायनों में बीएचयू के लिए तो बहुत अच्छा रहा, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्थाएं और सुरक्षा को लेकर कई अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। आए दिन सवाल उठते रहे। 49 महीने बाद कार्यकारिणी का गठन होना तो राहत देने वाला रहा, मगर तेलुगु विभागाध्यक्ष पर दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले ने पूरे विश्वविद्यालय के 30 हजार प्रोफेसरों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को डराकर रख दिया।
इस घटना ने देश भर में बीएचयू की छवि को प्रभावित किया और बीएचयू कैंपस पुलिस की हिटलिस्ट में शामिल हो गया। इधर बीएचयू के दीक्षांत समारोह में पहली बार 29 टॉपर में 20 लड़कियां शामिल रहीं। इन 20 को मुख्य मंच से गोल्ड मेडल दिए गए। वहीं दूसरी ओर से छात्राओं से छेड़खानी की घटनाएं आए दिन और रात होती रहीं।
बीएचयू नमस्ते एप के इमरजेंसी बटन पर क्लिक कर मिनटों में राहत और मदद पहुंचाने की बात कही लेकिन एमएमवी में एक छात्रा बेहोश होकर गिर पड़ी और 20 मिनट तक एंबुलेंस भी नहीं पहुंची। दूसरी ओर बीएचयू में काशी तमिल संगमम के चौथे संस्करण की शुरुआत हुई लेकिन इससे पहले ही 500 छात्राें और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए मारपीट और पत्थरबाजी में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
ईसी में पहली बार भाजपा के तीन नेता
24 जुलाई को बीएचयू में 49 महीने के बाद ईसी गठित की गई। जिसके बाद अब तक कुल दो बैठकें हो चुकी हैं। पहली बार इसमें भाजपा के तीन नेताओं को सदस्य बनाने पर कांग्रेस और अन्य विपक्षियों ने जोरदार विरोध किया था। इसके बाद बीएचयू में सात महीने के बाद नए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी को नियुक्त किया गया। कार्यभार संभालने के बाद प्रो. चतुर्वेदी ने बीएचयू में अधिकारियों के मूल्यांकन और फीडबैक के लिए कई तरह की प्रणाली लागू की गई है।
कुलपति ने शुरू कराईं कई नई व्यवस्थाएं
30 हजार छात्र अपने दो हजार प्रोफेसरों को मार्क्स देंगे। वहीं प्रोफेसरों को भी मौका दिया गया कि फीडबैक फॉर्म भरकर चीफ प्रॉक्टर, छात्र अधिष्ठाता जैसे नए अधिकारियों को चुनें। इसके आधार पर बीएचयू में पिछले सप्ताह ही 14 नए अधिकारियों को बदल दिया गया। काशी शब्दोत्सव कार्यक्रम में 3000 से ज्यादा विद्वानों की जुटान हुई। दो नवंबर को बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान में कैंपस के पांचवें गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया गया।
आईआईटी बना हाइड्रोजन एक्सीलेंस सेंटर
आईआईटी बीएचयू और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन और शोध को नई दिशा देने के लिए यूपीनेडा ने 50 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया। आईआईटी में हाइड्रोजन ऊर्जा का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनाया जाएगा। इसके तहत वाराणसी से गोरखपुर के बीच हाइड्रोजन ट्रेन चलाने के लिए तकनीक पर काम होगा।
टाइम्स रैंकिंग बढ़ी, 2.73 लाख सर्टिफिकेट अपलोड
टाइम्स हायर रैंकिंग में बीएचयू को विश्व में 501-600 रैंक के बीच स्थान बनाकर देश में पांचवां सर्वश्रेष्ठ बनने में कामयाब हुआ है। बीएचयू के कुलपति ने प्रोफेसरों से 25 लाख से ज्यादा का रिसर्च प्रपोजल मांगे। डिजीलॉकर पर बीएचयू के 2.73 लाख सर्टिफिकेट अपलोड किए गए। ऐसा करने वाला यूपी का पहला और देश का चौथा शीर्ष केंद्रीय विवि बना। संपूर्णानंद संस्कृत विवि का ग्रेड बढ़ा तो विद्यापीठ की नैक ग्रेडिंग घटी। राज्यपाल ने आनंदी बेन पटेल ने मंच से कह दिया कि ऐसे लचर प्रदर्शन पर शर्म आती है।
छात्रों के बवालों से भरा रहा पूरा साल
- 10 दिसंबर - काशी विद्यापीठ में लड़कोंं ने पिस्टल लहराई और पुलिस के सामने मारपीट की गई।
- 3 दिसंबर की आधी रात बवाल - 300 छात्र और 200 सुरक्षाकर्मियों में भिड़ंत, छह घंटे चला बवाल।
- 11 नवंबर - डेंटल फैकल्टी के जूनियर रेजिडेंट (जूनियर डॉक्टर) की रविवार की देर रात कुछ मुंह बांधकर बाइक पर आए छह युवकों ने पिटाई की है।
- 13 अक्तूबर - आईआईटी बीएचयू में वार्षिक खेल उत्सव स्पर्धा के दौरान रविवार को छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई।
- 11 अक्तूबर - बिड़ला हॉस्टल के छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों के बीच बवाल
- 8 अक्तूबर - ट्रॉमा सेंटर में बाउंसर और छात्रों में मारपीट हो गई।
- 1 सितंबर - आईआईटी बीएचयू और बिरला हॉस्टल के 500 से ज्यादा छात्रों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी।
- 30 अगस्त - बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में छात्रों और बाउंसरों के बीच मारपीट।
- 9 अगस्त - बिरला हॉस्टल के छात्रों का प्रदर्शन और मारपीट के मामले में 6 छात्रों पर प्राथमिकी।
- 29 जुलाई- बीएचयू के तेलुगु विभागाध्यक्ष प्रोफेसर चेल्ला रामामूर्ति के साथ मारपीट कर उनके दोनों हाथ तोड़े गए।
- 22 अप्रैल - पीएचडी में दाखिले को लेकर पिछले छह दिनों से धरने पर बैठी छात्रा अर्चिता सिंह के समर्थन में पहुंचे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह वीरू के साथ विवाद और झड़प!