भदोही: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सोशल मीडिया पर फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान; पटाखा बजाने गया था
कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पीछे रविवार रात दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय शुभम जायसवाल की मौत हो गई। सोमवार को सोशल मीडिया पर शव की फोटो देखकर परिजनों ने पहचान की। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था।
विस्तार
गोपीगंज क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पीछे रविवार की रात रेलवे ट्रैक के किनारे ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सोमवार को सोशल मीडिया पर शव की फोटो देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गोपीगंज के मिर्जापुर रोड निवासी शुभम जायसवाल (21) पुत्र राजेश जायसवाल रविवार को पटाखा बजाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच रविवार की रात कुछ लोगों ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना मंडी चौकी पुलिस को दी गई।
परिजनों में कोहराम
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात के रूप में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई थी।
सोमवार को सोशल मीडिया पर शव की फोटो प्रसारित होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद वे मंडी चौकी पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें शव की फोटो दिखाई। फोटो देखकर परिजनों ने उसकी पहचान शुभम के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक शुभम मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज भी चल रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।