वाराणसी में सांसद खेल स्पर्धाः कडे़ मुकाबले में बच्छाव की महिला कबड्डी टीम बनी चैंपियन, दौड़ में रोशनी यादव ने जीते तीन स्वर्ण
सिगरा स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में रोशनी यादव तीन स्वर्ण पदक जीतकर सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली खिलाड़ी बनीं।
विस्तार
वाराणसी में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा के अंतिम दिन सोमवार को कबड्डी के कड़े मुकाबले में महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव की महिला टीम ने 25-26 के अंतर से कंदवा को हराया और चैंपियन बनी। वहीं, बालक वर्ग में नव युवक मंगल दल गौरा कला की टीम ने एनईआर क्लब 52-32 से परास्त किया।
पुरुष वर्ग के बास्केटबॉल में राजर्षि ए, हॉकी में सिगरा स्टेडियम की टीम प्रथम रही। बालिका वर्ग के बास्केटबॉल में बीएचयू, हॉकी में विवेक सिंह एकेडमी चैंपियन रही। एथलेटिक्स के 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में रोशनी यादव तीन स्वर्ण पदक जीतकर सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली खिलाड़ी बनीं। विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने सम्मानित किया।
जूडो के खिलाड़ियों को नहीं मिला पुरस्कार
समारोह में सभी टीमों और एकल खेलों के विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार तो मंच पर बुलाकर दिया गया। जबकि जूडो के विजेता खिलाड़ियों को सम्मान और पुरस्कार नहीं मिला। क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के कुछ विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गए हैं, इसलिए जूडो के खिलाड़ियों को बाद में पुरस्कार दिया जाएगा।
जूडो में इन्होंने जीता पुरस्कार
जूडो प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में समीक्षा, समृद्धि, पूजा, शिवानी, रागिनी बालक वर्ग में सूरज, आकाश, महेश, ओमप्रकाश विजेता हैं।
कुश्ती में 20 पहलवानों को स्वर्ण
कुश्ती प्रतियोगिता के बालक वर्ग में धनंजय, आशुतोष, धर्मवीर, अरविंद, राकेश, राहुल, सौरभ, शिवशंकर, रोहित और रणजीत बालिका वर्ग में आंचल रिया, रेशमा, माला, श्वेता, भारती, अंशू, वसुंधरा, गुड्डी, और निधि ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता बने।
दौड़ में गुड़िया भी चमकी
बालिका वर्ग के 800 और 1500 मीटर दौड़ में गुड़िया, जेवलिन थ्रो में शीतल गौड़ ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में अभिषेक, 200 मीटर में सतीश, 400 मीटर में शुभम, 800 मीटर में रवि, 1500 मीटर में मनोज और जेवलिन थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।