आजमगढ़ : हॉट स्पॉट चक सिकठी में मिला एक और कोरोना पाजीटिव, संख्या आठ पहुंची
- सातवें कोराना पॉजिटिव महिला का 11 साल का भतीजा है आठवां पॉजीटिव
- पहले से किया गया था क्वारंटीन, मेडिकल कालेज में आईसोलेट किया गया
विस्तार
आजमगढ़ जिले के हॉट स्पॉट मुबारकपुर कस्बे के चक सिकठी नयापुरा में शुक्रवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज पाया गया है। यह सातवें कोरोना पॉजिटिव महिला का भतीजा है। इसे पांच दिन पहले रानी की सराय स्थित एपीएस स्कूल में बनाए गए शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया था।
रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव लड़के को राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में आइसोलेट कर दिया है। साथ ही शेल्टर होम में इसके साथ रहे चार अन्य लड़कों को फिर से क्वारंटीन कर उनके भी सैंपल फिर से जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
जनपद के हॉट स्पॉट मुबारकपुर के चक सिकठी में अभी तक कुल आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जा चुके हैं। सबसे पहले यहां की एक मस्जिद में रह रहे बाहरी प्रदेशों के तीन जमाती कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे, जो इलाज के बाद अब ठीक हो चुके हैं। इन जातियों के संपर्क में आए मस्जिद के केयरटेकर समेत उसके परिवार के दो अन्य सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में चल रहा है। पांच दिन पहले ही केयरटेकर के परिवार के संपर्क में आने से उनकी पड़ोसी एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी जिसे मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया था। महिला के भतीजे समेत पांच अन्य लड़कों को लगभग पांच दिन पहले रानी की सराय स्थित शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जनपद में आठवां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। यह 11 साल का लड़का है जिसको आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया गया है। इस लड़के के साथ में रह रहे चार अन्य लड़कों को फिर से क्वारंटीन कर उनका भी सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, मुबारकपुर कस्बे में आठवां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद हड़कंप की स्थिति है।