UP: रुपये को लेकर अविमुक्तेश्वरानंद का सरकार पर तंज, कहा- गाय को घोषित करें राष्ट्र माता; नहीं रूकेगी यात्रा
Jaunpur News: जौनपुर के मड़ियाहूं में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठ यात्रा पहुंची। उन्होंने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराते हुए सरकार को 23 जुलाई तक का समय दिया। शंकराचार्य ने गो रक्षा के लिए लोगों से जागरूक होने और सही जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गोशाला में गायों को फल व गुड़ खिलाया।
विस्तार
UP News: जौनपुर के मड़ियाहूं में शुक्रवार को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से निकाली गई गविष्ठ यात्रा पहुंची। गौ माता को राष्ट्र माता और राज्य माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर निकाली जा रही इस यात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत किया।
गोरखपुर से शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों को गौ संरक्षण और गौ सम्मान के प्रति जागरूक कर रही है। इस दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यात्रा आगामी 23 जुलाई को पुनः गोरखपुर पहुंचकर समाप्त होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तब तक सरकार गौ माता को राष्ट्र माता घोषित नहीं करती है तो 24 जुलाई को एक अक्षौहिणी सेना के साथ बड़ा संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव के समय गो रक्षा के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही उन वादों को भूल जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनें जो वास्तव में गौ रक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करें।
लोगों से किया एकजुट होने का आह्वान
शंकराचार्य ने कहा कि धर्म युद्ध में गायों को प्रताड़ित करने वाली शक्तियों का विरोध करना प्रत्येक सनातनी का दायित्व है। उन्होंने लोगों को गौ रक्षा के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि जिस देश की मुद्रा गिरती है, उस देश के प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा भी गिरती है, लेकिन आज रुपये की गिरती स्थिति पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। पेट्रोल और तेल बचाने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों का समर्थन होना चाहिए, लेकिन स्वार्थपूर्ण निर्णय स्वीकार नहीं किए जा सकते।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गोशाला पहुंचकर गायों को फल और गुड़ खिलाया। इस अवसर पर डॉ. राकेश उपाध्याय, आरसी पांडेय, राम सिंह बांकुरे, सुभाष त्रिपाठी, हरिशंकर उपाध्याय, राजबीर यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।