पुलिस की जीप में पशु तस्करों ने मारी टक्कर, पांच पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में चकिया-नौगढ़ मार्ग पर पशु तस्करी की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस ने एक वाहन का पीछा किया। इस पर पशु लेकर जा रहे तस्करों ने अपने वाहन से पुलिस की जीप को जोरदार टक्कर मार दी।
इस घटना में पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद तस्कर वाहन लेकर भाग गए। घायल पुलिसकर्मियों को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार नौगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप से पशुओं को तस्करी कर बिहार की तरफ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस की टीम ने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की तलाश शुरू कर दी। डुमरिया मोड़ पर एक पिकअप आती दिखी।
पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया लेकिन पिकअप ने पुलिस की जीप में टक्कर मार दी। इससे जीप में सवार राकेश यादव(25), मनीष चौहान(22), रविंदर यादव(42), मनीष कुमार साहनी(25) और प्रमोद यादव(25) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भाग गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इस पर थाने से फोर्स पहुंच गई और एंबुलेंस से घायलों को चकिया स्थित जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से इलाके में हड़कंप है। पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।