बीएचयू में आज उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ: नि:शुल्क कोचिंग संग मिलेगी लाइब्रेरी की सुविधा, प्रवेश परीक्षा से होगा चयन
देशभर के 31 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ शुक्रवार को बीएचयू में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) समेत देश के 31 विश्वविद्यालयों में खुलने वाले डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में नि:शुल्क कोचिंग के साथ ही छात्रों को लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
इसके लिए सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की ओर से विश्वविद्यालयों को हर साल 75 लाख का अनुदान भी दिया जाएगा। नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिष्ठान के निदेशक विकास त्रिवेदी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सभी केंद्र पर 100 सीटें होंगी। 33 प्रतिशत सीट पर अनुसूचित जाति की छात्राएं प्रवेश ले सकेंगी।
केंद्रीय कार्यालय के समिति कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में विकास त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल द्वारा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक, ए नारायणस्वामी के साथ ही 31 विश्वविद्यालयों के कुलपति भी मौजूद रहेंगे।
विश्वविद्यालयों की ओर से होगी प्रवेश परीक्षा
बताया कि नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा का लाभ लेने के लिए विश्वविद्यालयों की ओर से प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। इसमें सफल छात्रों का नियमानुसार दाखिला लिया जाएगा। केंद्र संचालन के लिए अलग से भवन के साथ ही लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं भी होंगी।
हर साल एक केंद्र पर प्रवेशित 100 छात्रों में 10 प्रतिशत छात्रों को सिविल सेवा की प्री परीक्षा में चयनित होने का लक्ष्य भी रखा गया है। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर केंद्र को हटाकर दूसरा केंद्र बनाने की कार्रवाई भी की जाएगी। बीएचयू केंद्र के नोडल ऑफिसर प्रो. आरएन खरवार ने बताया कि डॉ. आंबेडकर प्रतिष्ठान और सभी विश्वविद्यालयों के बीच उत्कृष्टता केंद्र और डॉ. आंबेडकर पीठ स्थापित करने पर सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे।
यह भी जानना है जरूरी
- -केंद्र में नि:शुल्क कोचिंग का लाभ केवल एससी छात्रों को मिलेगा।
- -सिविल सेवा परीक्षा के लिए निर्धारित नियमानुसार छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
- -प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही दाखिला मिलेगा।
- -केंद्र में तीन शिक्षकों की तैनाती भी की जाएगी। समय-समय पर व्याख्यान भी होंगे।
- -हर साल 75 हजार रुपये प्रति छात्र के हिसाब से विश्वविद्यालय को अनुदान मिलेगा