अखिलेश यादव ने नहीं पढ़ा बजट: बनारस में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू बोले- विपक्ष के पास कोई सटीक तर्क नहीं
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को वाराणसी पहुंचे। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ में बजट पर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव समेत पूरे विपक्ष पर हमला बोला।
विस्तार
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में हर रोज भ्रष्टाचार होता था। अक्सर मंत्रियों के घपले घोटाले उजागर होते थे। कांग्रेस की सुबह और रात भ्रष्टाचार से होती थी। पहले टैक्स में धांधली और चोरी होती थी। मोदी सरकार के साढ़े आठ साल हो गए, लेकिन अब तक एक रुपये की धांधली नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को वाराणसी आए और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ में आम बजट की अच्छाइयां बताईं। साथ ही पत्रकारों से बात की और कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बजट ही नहीं पढ़ा है। बिना सोचे समझे बजट को बेकार बताते हैं। यह राजनीतिक हल्कापन है। इससे बजट की मूल भावना खत्म होती है। विपक्ष के पास बजट को खराब बताने का सटीक तर्क नहीं है।
मोदी सरकार के साढ़े 8 साल में एक रुपये की भी धांधली नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी वरिष्ठ मंत्रियों को आम जनता के बीच जाकर बजट को सरल भाषा में बताने की जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस के कार्यकाल में बजट आने पर उत्सव मनाए जाते थे। इस अमृतकाल में 45 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। जो कल्पना से बाहर है।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट और कोलेजियम से जुड़े सवाल टाल गए केंद्रीय मंत्री
उद्योगपति गौतम अडाणी की कंपनियों पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट और कोलेजियम से जुड़े सवाल केंद्रीय मंत्री टाल गए और कहा कि इस बार बजट पर चर्चा करेंगे। अगली बार आएंगे तो इन मुद्दों पर भी बात करेंगे। भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में पांचवें स्थान पर है । अब हमें जर्मनी को पीछे छोड़ना है। पहले विदेश जाते थे तो भारत को गरीब देश से आने और नौकरी मांगने वाले की दृष्टि से देखते थे।
अब कहा जाता है कि भारत से आए हैं तो विदेशी उत्साहित होते हैं। वे कहते हैं कि आपकी कोरोना वैक्सीन ने हमारी जान बचाई। हमारे खून में भारत की वैक्सीन है। जो काम अमेरिका चीन नहीं कर पाए, उसे मोदी सरकार ने कर दिखाया है। जनता को निशुल्क राशन दिया जा रहा है।
'यूपी संभल जाए तो देश संभल जाएगा'
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहले सोच थी कि यूपी संभल जाए तो देश संभल जाएगा। 2014 के बाद यहां तीन गुना तेजी से विकास काम हुआ। नतीजा यह है कि यूपी की वजह से देश तीन गुन आगे बढ़ा है। हमारा सौभाग्य है कि ग्रीन एनर्जी में लीडरशिप करने का मौका भारत को मिला है। ग्रीन हाइड्रोजन मिशन को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ में बजट पर चर्चा की। प्रबुद्धजनों के बीच केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश का आम बजट 2047 विकसित भारत को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। किसी क्षेत्र को नजरअंदाज नहीं किया गया है। मध्यम वर्ग की सुविधा व सहूलियतों को ध्यान में रखकर बजट बनाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार की प्राथमिकता में गांव, गरीब, युवा, महिला हैं। आम आदमी का जीवन बेहतर हुआ है। 2014 से आज की तुलना करें तो प्रति व्यक्ति आय दो लाख रुपये हो गई है। महिलाओं के सम्मान में दो लाख रुपये बचत पर 7.5 फीसदी ब्याज दिया है। पहले रिटर्न की प्रक्रिया 93 दिन में होती थी, जो अब 16 दिन में हो रही है। विवाद से विश्वास के जरिये छूट दी जा रही है। इससे छोटे उद्योगों को फायदा होगा।
मंत्री किरेन रिजिजू ने खुद को पूर्वांचल से जोड़ा
उन्होंने खुद को पूर्वांचल से जोड़ा और कहा कि हम जब पढ़ते थे तो पढ़ाने वाले गुरूजी पूर्वांचल से आते थे। हमारे गुरू के शहर पूर्वांचल खासकर बनारस का विकास देखने लायक है। यहां देश, दुनिया से लोग आ रहे हैं। कार्यक्रम में विषय प्रस्तावना सीए एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमदत्त रघु ने रखा।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने काशी विश्वनाथ धाम का चिन्ह देकर केंद्रीय मंत्री को सम्मानित किया। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने पुष्पगुच्छ, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने अंगवस्त्र भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन नवीन कपूर ने किया।