सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जाना बनारस के बुनकरों और किसानों का हाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को वाराणसी के सपा नेताओं को वीडियो कॉल कर बनारस का हालचाल लिया। पूर्व राज्यमंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लॉकडाउन के बाद बनारस के बुनकरों का भी हालचाल लिया। इसके अलावा किसानों और वरुणा कॉरिडोर आदि के बारे में पूछा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा गरीब-असहायों की बारे में चिंता करने वाले पार्टी है। आप लोग हर समस्याओं पर नजर बनाए रखिये। पूर्व राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया कि करीब पचास फीसदी प्राइवेट नौकरी लोगों की छीन गई है। शोरूम खुल रहे हैं लेकिन ग्राहक नदारद है। नौकरियां हर रोज जा रही है।
बनारसी साड़ी बुनने वाले बुनकरों की हालत बेहद खराब हो गई है गद्दी खुल नहीं रही। गद्दीदार बुनकरों को पैसे नहीं दे रहे। वाराणसी साड़ी का कारोबार ज्यादातर पर्यटन पर होता है, न तो साड़ी बाहर जा पा रही है और न ही पर्यटक शहर आ रहे। इसके कारण बुनकर भुखमरी के कगार पर हैं।
वरुणा कॉरिडोर के बारे में पूछा तो पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि आप जैसा छोड़ गए थे, वैसा ही पड़ा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस संकटकाल में एक-दूसरे के सहायक बने, लोगों को महामारी से बचाव के बारे में जागरूक करे। एक दूसरे की मदद करें।