यूपी: मौसम की मार से लड़खड़ाया हवाई यातायात, काठमांडो जा रहा विमान काशी डायवर्ट, 18 उड़ानों में देरी; 6 निरस्त
कोहरे और खराब मौसम ने वाराणसी एयरपोर्ट पर हवाई यातायात की रफ्तार धीमी कर दी। बुधवार को 18 उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि छह निरस्त रहीं। शारजाह से काठमांडो जा रहे एयर अरबिया के विमान को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों में देरी और निरस्तीकरण से यात्रियों को परेशानी हुई।
विस्तार
मौसम में बदलाव और कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखने लगा है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। कोहरे, धुंध और तकनीकी कारणों से 18 उड़ानें देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं, जबकि छह उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। सबसे अधिक परेशानी मुंबई, दिल्ली और बंगलूरू की उड़ानों से आने-जाने वाले यात्रियों को हुई। वहीं, खराब मौसम के कारण शारजाह से काठमांडो जा रहे विमान को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा।
मौसम की खराबी का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा। शारजाह से काठमांडो जा रहे एयर अरबिया के विमान संख्या जी-9532 को खराब मौसम के कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। मौसम में सुधार के बाद यह विमान बुधवार दोपहर 2:37 बजे काठमांडो के लिए रवाना हुआ। इस घटना ने मौसम के कारण विमानों के संचालन में आने वाली चुनौतियों को भी उजागर किया।
यात्रियों को परेशानी
घरेलू उड़ानों में इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू उड़ान सबसे अधिक एक घंटे 29 मिनट की देरी से संचालित हुई। मुंबई रूट की एक उड़ान 23 मिनट और दूसरी 29 मिनट की देरी से पहुंची और रवाना हुई। दिल्ली रूट की उड़ान में 21 मिनट, हैदराबाद रूट पर 34 मिनट और पुणे रूट की उड़ान में 42 मिनट की देरी हुई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान 21 मिनट की देरी से संचालित हुई। एयर इंडिया की खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो उड़ान 47 मिनट और दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली उड़ान 18 मिनट की देरी से पहुंची और रवाना हुई।
उधर, स्पाइसजेट की छह उड़ानें निरस्त रहीं। इनमें मुंबई, पुणे और दिल्ली रूट की उड़ानें शामिल थीं। अचानक उड़ानों के निरस्त होने और देरी से यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। मौसम में लगातार बदलाव के साथ आने वाले दिनों में भी हवाई यातायात पर इसका असर पड़ने की आशंका है।