फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Air show frenzy Kashi massive crowd 2 million people gathers along banks Ganga breaking records set during Chh

काशी में एयर शो का क्रेज: गंगा किनारे उमड़ा 20 लाख लोगों का सैलाब, छठ-देव दीपावली का रिकॉर्ड टूटा

Mon, 26 Oct 2026 02:28 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: किशन चौबे Updated Mon, 26 Oct 2026 02:28 PM IST
सार

वाराणसी में तीन दिवसीय एयर शो का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन गंगा के दोनों किनारों पर करीब 20 लाख लोगों की भीड़ पहुंची। प्रशासन के मुताबिक, यह संख्या देव दीपावली और छठ पर आने वाली भीड़ से दोगुनी से अधिक रही। डोमरी से बहादुरपुर तक घाट और रास्ते लोगों से भर गए। पार्किंग फुल होने के बाद हजारों वाहन गलियों में खड़े करने पड़े।

विज्ञापन
Air show frenzy Kashi massive crowd 2 million people gathers along banks Ganga breaking records set during Chh
वाराणसी में एयर शो - फोटो : सूचना विभाग

विस्तार

काशी में एयर शो के तीसरे और आखिरी दिन रविवार को भीड़ का ऐसा सैलाब उमड़ा कि गंगा घाटों से लेकर डोमरी, सूजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर तक पैर रखने की जगह नहीं बची। प्रशासन के मुताबिक, रविवार को गंगा के इस पार करीब आठ लाख और उस पार करीब 12 लाख, यानी लगभग 20 लाख लोग हवाई करतब देखने पहुंचे। यह भीड़ छठ और देव दीपावली पर गंगा किनारे जुटने वाली करीब 10-10 लाख की भीड़ से दोगुनी से अधिक रही।
विज्ञापन


तीन दिवसीय एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्तूबर को हुआ। रविवार सुबह नौ बजे तक पड़ाव से गंगा घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों और पैदल यात्रियों का दबाव तेजी से बढ़ गया। डोमरी, सूजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर के घाटों पर लगातार भीड़ बढ़ती रही। डोमरी, अवधूत भगवान राम घाट और सूजाबाद के घाट सुबह 10 बजे तक खचाखच भर गए। लोगों के खड़े होने तक की जगह नहीं बची।
विज्ञापन


इसके बाद प्रशासन ने सुबह 11 बजे के बाद पहुंचने वाले लोगों को भीड़ का दबाव कम करने के लिए बहादुरपुर की ओर भेजना शुरू कर दिया। चंदौली और रामनगर की तरफ से पहुंचे कई लोगों ने भरे हुए घाटों तक जाने के बजाय बहादुरपुर में ही जगह तलाश ली।
विज्ञापन
विज्ञापन


घर से खाना लेकर निकले, कई किलोमीटर पैदल चले
एयर शो देखने के लिए चंदौली, गाजीपुर और बिहार के कैमूर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार के साथ आए लोगों ने भीड़ को देखते हुए घर से ही खाने-पीने का सामान रख लिया था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दिनभर के लिए तैयारी करके निकले। किसी ने मीठी रोटी बनाई तो कोई पराठे लेकर पहुंचा, ताकि भीड़ में खाने-पीने के लिए परेशान न होना पड़े।

पड़ाव चौराहे पर सख्त सुरक्षा, सात जगह बैरिकेडिंग
एयर शो के अंतिम दिन पड़ाव चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। सुबह आठ बजे ही चौराहे से वाहनों का आवागमन बंद करा दिया गया। राजघाट पुल से पैदल आने-जाने वालों को भी रोक दिया गया। रामनगर से पड़ाव और पड़ाव से गंगा घाट तक सात स्थानों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

सुबह 11 बजे के बाद पहुंचने वाले लोगों को पड़ाव से अवधूत भगवान राम घाट की ओर जाने से रोककर बहादुरपुर की तरफ भेजा गया। इसका उद्देश्य पहले से भरे घाटों पर भीड़ का दबाव कम करना था।

पार्किंग फुल, गलियों में खड़े हुए हजारों वाहन
एयर शो देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पड़ाव के साहूपुरी और रामनगर स्थित पीएसी ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। भीड़ बढ़ने के साथ ही सुबह करीब 10 बजे तक दोनों पार्किंग स्थल भर गए। इसके बाद लोगों ने घाटों तक जाने वाले रास्तों और आसपास की गलियों में बाइक और अन्य वाहन खड़े करने शुरू कर दिए।

ब्रेड पकौड़ा 20, पानी की बोतल 50 रुपये तक बिकी
एयर शो के कारण गंगा किनारे के गांवों में अस्थायी बाजार भी गुलजार रहे। डोमरी से बहादुरपुर तक 150 से अधिक दुकानें सजी थीं। स्थानीय लोगों ने घरों में तैयार ब्रेड पकौड़ा, मोमोज, पकौड़ी, चना घुघुरी और समोसे बेचकर कमाई की।

भीड़ बढ़ने के साथ खाद्य सामग्री और पानी के दाम भी बढ़े। सामान्य तौर पर 10 रुपये में मिलने वाला ब्रेड पकौड़ा 20 रुपये में बिका। 20 रुपये वाली पानी की बोतल के लिए लोगों को 40 से 50 रुपये तक देने पड़े।


पड़ाव व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम गुप्ता ने बताया कि रविवार को छोटे दुकानदारों ने करीब 15 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। एयर शो समाप्त होने के बाद पड़ाव की दुकानें खुलीं तो दो घंटे के भीतर ही कई दुकानदारों का पूरा सामान बिक गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed