Agnipath Protest: पुलिस का कारनामा, बीएचयू हॉस्टल में छात्र खा रहा था खाना, अलीगढ़ में तोड़फोड़, आगजनी का दर्ज कर दिया मुकदमा
बीएचयू के छात्र के खिलाफ अग्निपथ योजना के विरोध में तोड़फोड़ और आगजनी का मुकदमा अलीगढ़ के टप्पल थाने में दर्ज हुआ है। घटना वाले दिन वह बीएचयू के ब्रोचा हॉस्टल के मेस में खाना खा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्निपथ योजना के तहत विरोध प्रर्दशन करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी भी की जा रही है। इस बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें बीएचयू में बीएससी आनर्स मैथमेटिक्स प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के एक छात्र जो कि 17 जून को विश्वविद्यालय के ब्रोचा हॉस्टल के मेस में खाना खा रहा था, उस पर उसी दिन अलीगढ़ के टप्पल थाने में तोड़फोड़, आगजनी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इसकी जानकारी होने के बाद से ही छात्र और उसका परिवार चिंतित है। किसी को यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर पुलिस ने ऐसा क्यों किया। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के घघौली निवासी विपिन कुमार बीएचयू का छात्र है। बातचीत में बताया कि एक मई से विश्वविद्यालय में क्लास चल रही है। तभी से ब्रोचा हॉस्टल के कमरा नंबर 221 में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
17 जून को जिस समय अलीगढ़ के टप्पल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, उस समय हॉस्टल के मेस में खाना खा रहे थे। मुकदमा दर्ज करने के बाद अलीगढ़ पुलिस घर पर गिरफ्तारी करने पहुंची, तब भाई धीरज कुमार से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। विपिन ने बताया कि थाना प्रभारी से बात करने पर उन्होंने कुछ भी नहीं सुना और टप्पल थाने आने की बात कही है।
फिलहाल विपिन ने इसकी जानकारी बीएचयू ब्रोचा हॉस्टल के वार्डन को दे दी है। बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से घर वाले भी बहुत परेशान हैं। बीएचयू के चीफ प्राक्टर प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह ने बताया कि छात्र उस दिन हॉस्टल में ही था, उसके बाद भी उसके ऊपर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन के माध्यम से अलीगढ़ सूचना दी जाएगी।