24 घंटे लगातार पारा गिरने के बाद मौसम ने ली करवट खिली धूप ने किसानों को दी राहत
शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक बारिश, ओलावृष्टि के बाद शनिवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादल आते जाते रहे। दिन में धूप भी हुई, लेकिन हवा की वजह से उसका असर कम हुआ। बीते 24 घंटे में तापमान में छह डिग्री कमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक की रविवार को भी मौसम ऐसा ही बने रहने की भविष्यवाणी को गलत साबित करते हुए सुबह से ही खिली धूप ने किसानों को राहत दी।
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में मौसम बदला है। बनारस समेत आसपास जिलों में तेज हवा के साथ दो दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि शुक्रवार के अधिकतम तापमान 31.4 की जगह शनिवार का तापमान 25.4 दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से निचली सतह पर आ रही पुरवा हवाओं की वजह से मौसम का मिजाज बदला है। 15 मार्च तक बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ रहेगा, लेकिन 18 मार्च को एक बार फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है।