प्रेमिका से शादी करने आए प्रेमी की जमकर पिटाई, थाने पहुंचा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के दीवानी कचहरी परिसर में मंगलवार दोपहर बाद युवती के साथ कोर्ट मैरिज करने आए एक युवक पर लव जिहाद का आरोप लगा कर अधिवक्ताओं ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान ऑटो लेकर आए युवक के दोस्त को भी पीट दिया और जमकर हंगामा हुआ।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ऑटो के साथ दोनों युवकों और युवती को थाने ले गई। युवक और युवती के परिजनों की मौजूदगी में कैंट थाने में पंचायत जारी थी। भेलूपुर थाना के बजरडीहा का युवक अपने दोस्त के ऑटो में बैठ कर चोलापुर थाना के मुर्दहा की युवती के साथ कचहरी में कोर्ट मैरिज करने आया था।
कागजी कार्रवाई के दौरान अधिवक्ताओं को पता लगा कि युवक और युवती अलग-अलग धर्म के हैं। इसी बीच यह बात सामने आई कि युवती का धर्म परिवर्तन करा कर युवक उससे शादी कर रहा है। इसे लेकर अधिवक्ताओं ने युवक और उसके दोस्त की पिटाई करने के साथ ही ऑटो क्षतिग्रस्त कर दिया।
देखते ही देखते रायफल क्लब के समीप स्थिति हंगामेदार हो गई और अधिवक्ता काफी संख्या में जुट गए तो पुलिस आई। दोनों युवकों और युवती को थाने ले जाकर उनके परिजनों को बुलाया गया। युवती का बयान दर्ज करने के लिए मजिस्ट्रेट को बुलाया गया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि दोनों के परिजनों से बातचीत की जा रही है। युवक और युवती बालिग हैं, यदि वह शादी करना ही चाहते हैं तो पुलिस उसमें भला क्यों अड़ंगा लगाएगी।
पांच साल से एक-दूसरे से करते हैं प्यार :
सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में युवती ने बताया कि वह और युवक एक-दूसरे को पांच साल से जानते हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और बगैर किसी दबाव के दोनों कोर्ट मैरिज करने आए थे। इसी बीच अनावश्यक मारपीट कर हंगामा किया गया।
उधर, युवक ने बताया कि बजरडीहा में युवती की मौसी का घर है। मौसी के यहां आने-जाने के दौरान दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ तो उन्होंने शादी करने की ठानी और कचहरी आए। उसे नहीं पता था कि कचहरी में उसे इस तरह से मारापीटा जाएगा।