रफ्तार का कहर: वाराणसी में रोडवेज की बेकाबू बस ने राहगीरों को रौंदा, चार घायल, कार ने साइकिल सवार को कुचला
रोडवेज कैंट डिपो की बस तेज रफ्तार से रोडवेज बस स्टेशन की ओर जाने के दौरान चौराहे के आसपास खड़े राहगीरों को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार से चौराहा पार करने के दौरान चालक ने जल्दबाजी में एक बाइक सवार मां और बेटे को रौंद दिया। इसके बाद एक एक्टिवा सवार युवती तस्मीना को भी बस ने टक्कर मार दी।
विस्तार
वाराणसी में रोडवेज कैंट डिपो की बस ने बुधवार देर शाम अंधरापुल चौराहे चार राहगीरों को रौंद दिया। अनियंत्रित बस की चपेट में आने से चार राहगीर घायल हो गए। घायलों को रोडवेज पुलिस ने चौकी ने अस्पताल भिजवाया। वहीं हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला।
सिगरा थाने की पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अंधरापुल चौराहा के पास देर शाम साढ़े सात बजे रोडवेज कैंट डिपो की बस (यूपी 65बीटी0452) तेज रफ्तार से रोडवेज बस स्टेशन की ओर जाने के दौरान चौराहे के आसपास खड़े राहगीरों को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार से चौराहा पार करने के दौरान चालक ने जल्दबाजी में एक बाइक सवार मां और बेटे को रौंद दिया।
इसके बाद एक एक्टिवा सवार युवती तस्मीना को भी बस ने टक्कर मार दी। मौजूद आसपास के लोगों ने बताया कि बस में फंसकर स्कूटी कुछ मीटर तक घसीटती हुई गई। लोगों ने शोर मचाया तो चालक और परिचालक बस छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलते ही पहुंचे रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार के धक्के से साइकिल सवार युवक की मौत
वाराणसी के सदर तहसील के पास बुधवार रात कार के धक्के से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के पास पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। वहीं हादसे के बाद भाग रहे कार सवार को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मूलरूप से राबर्ट्सगंज के ब्रह्मनगर निवासी राकेश कुमार (40) रात के समय अर्दली बाजार स्थित अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पूरी करके किराये के मकान टकटकपुर साइकिल से जा रहा था। सदर तहसील के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा और परिजनों को सूचित किया। वहीं कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।