वाराणसी में हादसा: ट्रक की ट्रक से टक्कर में एक की मौत, राजातालाब में बाइक सवार आया अज्ञान वाहन की चपेट में
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के राजनहिया में एक ट्रक ने दूसरे ट्रक में टक्कर मार दी। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे सड़क दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। धक्का मारने वाले ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार भगवानपुर, बरदह आजमगढ़ निवासी राम अवतार यादव(55) देवरिया से साड़ी बुनने वाला दफ्ती लेकर वाराणसी आ रहे थे। आजमगढ़-वाराणसी सड़क मुख्य मार्ग स्थित राजनहिया में अपना ट्रक खड़ा कर उसी के नीचे सो गए। सामने से दूसरे ट्रक ने धक्का मार दिया।
राम अवतार यादव का ट्रक रौंदते हुए लगभग 30 फीट दूर तक चला गया। सुबह सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राम अवतार के मोबाइल से नंबर निकाल कर परिजनों को सूचित किया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर इंद्रभूषण यादव ने कहा कि ट्रक चालक भाग गया है। मृतक के पुत्र अर्जुन यादव की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत :
राजातालाब से जंसा मार्ग पर बह्म बाबा मंदिर ओदार में बीती रात में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार मिल्कीचक निवासी छेदीलाल उर्फ घूरे धरिकार(35) की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।