एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की टॉप खबरें: धोखाधड़ी मामले में नहीं मिली जमानत, युवक ने लगाई फांसी
Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी काफी खबरें रहीं। जिला जज (चतुर्दश) ने धोखाधड़ी के एक मामले में दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। वहीं, रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा गांव में एक युवक ने फंासी लगाकर अपनी जान दे दी। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर निवेशकों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये हड़पने के मामले में अपर जिला जज (चतुर्दश) अभय कृष्ण तिवारी की अदालत ने दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपियों में आगरा जिले के हरि पर्वत थाना क्षेत्र के गणेश नगर, लायर कॉलोनी निवासी हरि सिंह और कोलकाता के बेली गुंगे निवासी विनय सिंह शामिल हैं। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि पिनकप ग्रुप ऑफ कंपनी का सिगरा क्षेत्र में मंडलीय व शाखा कार्यालय था।
वंदे मातरम व्यापार मंडल ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि
देश के जाने माने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर गोदौलिया स्थित होटल में श्रद्धांजलि सभा हुई। वंदे मातरम व्यापार मंडल की ओर से हुई सभा में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि रतन टाटा की नेतृत्व क्षमता, विजन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना हम सभी के लिए प्रेरणा है। सभा में अशोक जायसवाल, सोमनाथ विश्वकर्मा, अजीत जायसवाल, विनय साहू, मनीष चौरसिया, आदित्य गोयनका, अनूप जायसवाल आदि ने उनकी आत्मा शांति के लिए प्रार्थना की।
डॉ. सुरेंद्र पाल बने सहायक निदेशक
शासन द्वारा पदोन्नति के बाद जिला सूचना अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र नाथ पाल को मंडलीय जिला सूचना कार्यालय वाराणसी का सहायक निदेशक बनाया गया है। डॉ. पाल ने बताया कि जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों, निर्णयों तथा उपलब्धियों का आम लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
तीन दिनों तक होगा योगाभ्यास और गीता पाठ
सिद्धगुफा योग प्रशिक्षण केंद्र आगरा के योगाचार्य डॉ. दासलाल महाराज के सानिध्य में तीन दिवसीय योग शिविर 18 अक्तूबर से सिद्ध योग आश्रम टोडरपुर (मोहन सराय) में लगेगा। शिविर में प्रतिदिन योगाभ्यास के साथ योग की विभिन्न क्रियाओं पर व्याख्यान होगा। गीता पाठ और प्रवचन भी होंगे। आयोजक संजय सिंह ने बताया कि 18 और 19 अक्तूबर को सुबह पांच बजे से मंगला आरती, ध्यान और योगाभ्यास कराया जाएगा। शाम को पांच बजे प्रवचन और सामूहिक आरती होगी।
फंदा लगाकर युवक ने दी जान
रोहनिया के अमरा स्थित मकान के अंदर विकास बिंद (20) ने फंदा लगाकर जान दे दी। अमरा की रहने वाली भानुमति देवी दोपहर के समय बाहर गई थी। जब घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो विकास कमरे में पंखे की कुंडी के सहारे लटका था। बेटे को फंदे पर लटका देख मां भानुमति चीखने चिल्लाने लगी। पड़ाेसी तुरंत उसे लेकर निजी अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की एक साल पूर्व मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी रोहनिया ने बताया कि युवक नशे का आदी था।
पुलिसकर्मियों को एसीपी ने किया सम्मानित
आईजीआरएस की शिकायतों की निस्तारण में प्रदेश में रैंकिंग दिलाने वाले भेलूपुर थाने पर तैनात आरक्षी मनोज कुमार और विद्याभूषण को भेलूपुर एसीपी धनंजय मिश्रा ने शुक्रवार को कार्यालय में सम्मानित किया। भेलूपुर थाने में तैनात मुंशी मनोज और विद्याभूषण आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों को लेकर हमेशा संजीदा रहते हैं। जिससे कि भेलूपुर थाने को आइजीआरएस शिकायत निस्तारण करने में प्रदेश में रैंकिंग मिला है। इस मौके पर भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला मौजूद रहे हैं।
करंट की चपेट में आकर खंभे से गिरा संविदा कर्मी, भर्ती
सेवापुरी के निमनी गांव में टूटे हुए तार को जोड़ने के लिए मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के सरावा गांव निवासी संविदा बिजली कर्मी अनिल कुमार उर्फ राज कुमार (25) खंभे पर चढ़ा था। इसके लिए उसने विद्युत उपकेंद्र सेवापुरी से शटडाउन लिया था।
काम करते समय वह उठा और ऊपर से गुजरे क्रॉस कृषि लाइन के तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर कर छटपटाने लगा। झुलसे संविदा लाइनमैन को वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में उपकेंद्र के अवर अभियंता रामबाबू चौहान ने बताया कि लाइनमैन क्रॉस कृषि लाइन के तार की चपेट में आ गया।
रोडवेज की बस ने कार में मारी टक्कर, चार घायल
रोहनिया के शहावाबाद में रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। इससे चार लोग घायल हो गए। टक्कर में दाउदपुर बिहार निवासी राजेश चौधरी, मोनू, दीपू और तारा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर भेजा गया। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
मशहूर शायर अशअर रामनगरी सुपुर्द-ए-खाक
मशहूर शायर व पत्रकार ताजुद्दीन अशअर रामनगरी (96) का लंबी बीमारी के बाद बीती रात इंतकाल हो गया। उन्हें शुक्रवार को रामनगर के आबाई कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। ताजुद्दीन अशअर रामनगरी एक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध उस्ताद शायर थे। उनके शागिर्द दुनिया भर में उर्दू अदब की सेवा कर रहे हैं।
14 अक्तूबर को मनेगी इमाम की जयंती, 15 को निकलेगा जुलूस
11वें इमाम की जयंती 14 अक्तूबर को मनाई जाएगी और 15 अक्तूबर को अलम का एहतेजाजी जुलूस निकलेगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि 14 अक्तूबर को 11वें इमाम इमाम हसन अस्करी की जयंती पूरी अकीदत से मनाई जाएगी। महफिलों का सिलसिला जयंती की पूर्व संध्या पर ही आरंभ हो जाएगा। रविवार को कच्ची सराय स्थित स्वर्गीय मुर्तजा हुसैन के निवास स्थान पर जैनुल हसन के संयोजन में महफिल होगी। 15 अक्तूबर को काली महल स्थित शिया मस्जिद से एहतेजाजी जुलूस अंजुमन हैदरी व मोमनीन बनारस के संयोजन में उठाया जाएगा।
नाविकों को डाक योजनाओं की दी जानकारी
भारतीय डाक के राष्ट्रीय डाक सप्ताह के पांचवें दिन अस्सी घाट के सुबह-ए-बनारस मंच पर वित्तीय सशक्तीकरण कैंप का आयोजन किया गया। जहां नाविकों, घाटों पर कार्य करने वाले कर्मियों और विभिन्न समुदाय के लोगों को डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया।
कर्नल विनोद ने कहा कि डाक विभाग भारत के सभी नागरिकों को वित्तीय रूप से सशक्त करने, बीमाकृत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी दी।इस दौरान प्रवर अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार, वरिष्ठ डाकपाल राजीव श्रीवास्तव, सहायक निदेशक प्रथम भोला साह, सहायक निदेशक द्वितीय एमएम हुसैन आदि रहे।
रेल यात्रियों को अधिकारों के प्रति जागरूक किया
मिशन शक्ति फेज टू के तहत कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने महिला रेल यात्रियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। जीआरपी थाने में आयोजित सेमिनार में महिला हेल्प डेस्क, महिला हेल्प लाइन 1090, महिला पावर लाइन 1091, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन-1076, एंबुलेंस सेवा-108, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 की जानकारी दी गई। उधर, स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के जरिये यात्रियों को सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
विधायक ने सुनीं समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शिवाजी नगर जनसंपर्क कार्यालय महमूरगंज में जनसुनवाई की। नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। कई मामलों का मौके पर समाधान कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। इस दौरान वैभव मिश्रा, अभिषेक मौजूद रहे। उधर, रामनगर के कुतलुपुर में विकास परियोजना का शिलान्यास किया।
हवन-पूजन के साथ मां को दी गई विदाई
शारदीय नवरात्र की नवमी पर हवन-पूजन के साथ मां दुर्गा को विदाई दी गई। प्रतिमाओं का विसर्जन विजयदशमी पर शनिवार को होगा। शहर के कुंड और तालाबों पर प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को दोपहर बाद एक तरफ रावण दहन की तैयारियां होंगी तो दूसरी ओर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होाग। शुक्रवार को सुबह से ही घरों से लेकर मंदिरों तक कन्या पूजन और हवन की तैयारियां शुरू हो गईं।
दोपहर बाद हवन आरंभ हो गया। सप्तशती और नर्वाण मंत्रों से यज्ञ में आहुतियां अर्पित की गईं। हवन के धुएं से पूरा माहौल सुवासित हो उठा। हवन के बाद कलश को हिलाकर मां दुर्गा को महानवमी में ही विदाई भी दी गई। दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर, संकटा मंदिर, महिषासुर मर्दिनी, दणिणेश्वरी काली सहित शहर के सभी देवी मंदिरों में नवमी का हवन हुआ। ग्रामीण इलाकों और मोहल्ले के देवी मंदिरों में महिलाओं ने कढ़ाई चढ़ाई।
सूजाबाद में बनेगा 7 एमएलडी का एसटीपी
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सूजाबाद डोमरी क्षेत्र के लोगों से बातचीत की। मेयर ने कहा कि सूजाबाद में सात एमएलडी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण कराया जाएगा। जल निगम और जलकल के अधिकारियों से कहा कि आगामी 50 साल की आबादी को ध्यान में रखकर प्रोजेक्ट बनाएं। इससे चार हजार घरों के 30 हजार लोगों की सीवर से जुड़ी समस्या का समाधान होगा।
निरीक्षण, कायाकल्प में वाराणसी की पहली रैंक
परिषदीय विद्यालयों में निरीक्षण और कायाकल्प की रैंकिंग शासन की तरफ से जारी कर दी गई है। इसमें वाराणसी ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। साथ ही डिजिटल हाजिरी और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) वितरण में जिले को ग्यारहवां स्थान मिला है। जबकि भदोही जिले को दूसरा स्थान मिला है। जुलाई से बच्चों, शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर एमडीएम वितरण की ऑनलाइन प्रगति पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। जिसके बाद प्रत्येक दो से तीन महीने पर इसकी रैंक बनाई जा रही है।
सराय मोहाना गांव में हुई मिनी मैराथन, 250 एथलीट ने किया प्रतिभाग
लायंस क्लब की ओर से सराय मोहाना गांव में 5 किमी की मिनी मैराथन दौड़ हुई। शुक्रवार को 2010 से हो रही 14वें मिनी मैराथन में कोमल पटेल (15), अजय पटेल (17) ने बाजी मारी। प्रीति पटेल और जुगनू कुमार दूसरे स्थान पर रहे। जबकि नेहा पटेल तीसरे स्थान पर रही। प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया। बालिका वर्ग की दौड़ दो किमी और बालक वर्ग की 5 किमी की थी।
प्रतियोगिता में 250 एथलीट ने भाग लिया। कोच शिखा सिंह ने बताया कि क्लब का उद्देश्य क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को राष्ट्रीय दौड़ में प्रतिभाग कराना। साथ ही अभिभावकों को उत्साहित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से लायंस क्लब ने युवाओं की प्रतिभा को पहचानने का प्रयास किया है। संचालन आनंद प्रकाश ने किया। इस अवसर पर अनिल सोनकर, अनिल यादव, राधेश्याम निषाद, महेश साहनी, अनुराग प्रकाश उपस्थित रहे।