UP Election 2022: लखीमपुर खीरी में रोजगार और विकास पर खुलकर बोले युवा, बेटियों ने सुरक्षा पर कही बड़ी बात
चाय पर चर्चा और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' युवाओं के बीच पहुंचा। यहां वाईडी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शिरकत की। इस दौरान युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के वाईडी कॉलेज में आयोजित 'सत्ता का संग्राम' कार्यक्रम में युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। इस कार्यक्रम में रोजगार, शिक्षा, विकास, स्वच्छता और सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कई युवाओं ने वर्तमान सरकार पर सवालिया निशान उठाए तो वहीं कुछ ने कहा कि लखीमपुर खीरी पहले से बेहतर हुआ है। पढ़िए छात्रों ने और क्या कहा?
विकास कार्यों पर क्या बोले युवा?
विकास के कार्यों पर यहां के युवाओं ने कहा कि विकास तो हुआ है लेकिन जिस तरह से और जितना होना चाहिए उतना नहीं हुआ है। एक युवा ने कहा कि लखीमपुर खीरी पहले से बदल गया है और बेहतर भी हुआ है लेकिन यहां गंदगी सबसे बड़ी समस्या है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सरकार वही सही है, जो अपने क्षेत्र को साफ व बेहतर रख सके। वहीं, दूसरे छात्र ने गंदगी को लेकर कहा कि हम ही लोग गंदगी फैलाएंगे तो गंदगी फैलेगी ही। इसे दूर करने के लिए हम लोगों को भी कुछ काम करना होगा। हर समस्या का समाधान सरकारी ही नहीं करेगी, कुछ जिम्मेदारी हमलोगों की भी बनती है।
युवाओं ने रोजगार और शिक्षा पर उठाए सवाल
यहां के युवाओं ने रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर वर्तमान सरकार को घेरा। यहां क्या पूरे प्रदेश में रोजगार की समस्या है। सरकार केवल घोषणा करती है पर उस पर अमल नहीं करती। एक और युवा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काफी कमियां हैं। यहां कोई बेहतर कॉलेज नहीं है। वहीं, एक अन्य छात्र ने कहा कि यहां शिक्षा व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। पांच साल से एनटीपीसी का रिजल्ट नहीं आया है। हम छात्र हैं और हमे रोजगार चाहिए। हमारी समस्या राजनीति नहीं हमारी समस्या रोजगार है। एक युवा ने कहा कि योगी जी पांच महीने में 22000 रोजगार देने की घोषाणा की है देखते हैं क्या होता है, उसके बाद हम वोट का फैसला करेगे कि किसे देना है।
महिला सुरक्षा पर क्या युवाओं की राय
महिला सुरक्षा पर यहां के युवाओं ने कहा कि लड़कियों व महिलाओं की सुरक्षा पहले से बेहतर हुआ है। एक छात्रा ने कहा कि पहले के मुकाबले अब यहां की महिलाएं व लड़कियां ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। एक अन्य छात्रा ने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि वर्तमान सरकार महिला सुरक्षा पर खासा ध्यान दिया है। अगर आप पहले की तुलना में देखें तो प्रदेश की स्थिति इस मामले में काफी सुधरा है।
युवाओं की मिली जुली प्रतिक्रियाएं
वहीं, 'वर्तमान सरकार से खुश हैं' के सवाल पर यहां के युवाओं की मिली जुली प्रतिक्रियाएं आईं। किसी ने योगी सरकार का समर्थन किया तो किसी ने वर्तमान सरकार पर कई सवाल खड़े किए। इस क्रम में एक युवा ने कहा कि यहां उद्योग लगना चाहिए। यहां आईटी कंपनी होनी चाहिए। एक अन्य छात्र ने कहा कि यहां की सत्ता जो है वो ठीक नहीं है। यहां सड़के की समस्या है। वहीं, एक अन्य युवा ने कहा कि इस जिले में किसी भी चीज की कमी नहीं है पर कोई करे तब तो। पर्यटन के लिहाज से इस जिले में काफी कुछ विकास किया जा सकता है।