UP Election 2022: हरदोई में घमासान, इन मुद्दों पर भिड़ीं राजनीतिक पार्टियां, जानिए किसने क्या कहा?
हरदोई में चाय पर चर्चा, महिलाओं और अधिवक्ताओं से संवाद के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। यहां नेताओं ने अपने चुनावी एजेंडा के बारे में बताया।
विस्तार
हरदोई में विपक्षी राजनीतिक दलों ने सरकार पर जमकर निशाना साधा तो वहीं भाजपा ने भी तगड़ा पलटवार किया। 'अमर उजाला' के कार्यक्रम 'सत्ता का संग्राम' में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी ने अपने उन एजेंडों के बारे में भी बताया जिसे लेकर वह जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे। पढ़िए किस नेता ने क्या कहा?
भाजपा ने गिनाए मुद्दे
कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले सत्ताधारी पार्टी भाजपा के जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने अपनी सरकार के कामकाज के तमाम फायदे गिनवाए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में बहुत काम हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसान निधि से लेकर बुनियादी समस्याओं को दूर करने का काम किया है। इस क्रम में उन्होंने मेडिकल कॉलेज, अर्जुलपुर पुल और शाहाबाद रेलवे ब्रिज के काम गिनवाए। इसके अलावा उन्होंने कोरोना काल में उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का हवाला दिया। हमारी सरकार जरूरतें और प्राथमिकता के आधारों पर काम किया है और लोगों तक सुविधाएं पहुंचाई हैं।
विपक्ष ने साधा निशाना
भाजपा के जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सपा का विजन हमेशा विकास रहा है। हमारी पार्टी ने जो विकास किए हैं, उसी के दम पर वोट मांग रहे हैं। हर जिले में हमारी सरकार ने काम किया। वहीं, उन्होंने सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नाकामी तो हर कोई जान रहा है। जितेंद्र शर्मा ने तीन कृषि कानून की वापसी पर बात करते हुए कहा कि भाजपा तो पहले इसके फायदे गिना रही थी और अब क्या? सपा नेता ने आगे कहा कि जब इन्हें लगा कि पंजाब और यूपी में सत्ता चली जाएगी तब उन्होंने अपना फैसला बदला और कानून वापसी की घोषणा की।
उन्होंने सौरभ मिश्रा पर तंज कसते हुए कहा कि जब आप लोगों को कृषि कानून के बारे में समझा ही नहीं पा रहे थे तब आपकी सरकार किस काम की? 2022 में भाजपा 100 के अंदर सिमट जाएगी। वहीं, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशीष सिंह ने सपा और भाजपा दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे साथ देश की आवाम है। जो अपराधी कल सपा में थे वो अब भाजपा में चले गए तो साफ हो गए। भाजपा केवल दिखावा करती है। जिस किसान ने उन्हें दिल्ली की गद्दी पर बिठाया मोदी ने उसे दिल्ली में घुसने नहीं दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हरदोई में सपा-भाजपा में गठबंधन है। दोनों दलों ने यहां कोई काम नहीं किया। कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जमकर पसीना बहा रहा है। प्रियंका गांधी की नेतृत्व में पार्टी जमकर काम कर रही है। सपा नेता जितेंद्र शर्मा ने कहा कि 4-5 फीसदी के अंदर जो पार्टी रहती है वो भी इस तरह की बात कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने इसका जवाब देते हुए कहा कि जो आजम खान को न्याय नहीं दिला रहे हैं, वो न्याय की बात कर रहे हैं।
भाजपा ने दिया जवाब
भाजपा नेता सौरभ मिश्रा ने कहा कि हमारी सरकार की नीयत साफ है। किसानों के हित में तीनों कानून हित थे। मगर किसान ही अगर इससे संतुष्ट नहीं तो कोई नहीं। उन्होंने सपा पर वार करते हुए कहा कि वो कमिशनखोरी वाली पार्टी है, उसे सबकुछ वैसा ही लगता है। उन्होंने आगे कहा कि अराजकता का दूसरा नाम है समाजवादी पार्टी, भ्रष्टाचार का दूसरा नान समाजवादी पार्टी, लोगों की जमीन कब्जा करने वालों का दूसरा नाम समाजवादी पार्टी, लोगों के मकान और दुकान कब्जा करने वालों का दूसरा नाम समाजवादी पार्टी हैं।
वहीं, भाजपा नेता ने कहा कि सपा मुस्लिम और यादव की पार्टी बनकर रही गई है। उन्होंने आगे कहा कि सपा के राज में 2012 से 2017 के बीच जितनी भी सरकारी भर्तियां हुईं हैं, उनके नामों पर नजर डालेंगे तो पता चल जाएगा सपा किस वर्ग की बात करती है। सपा के नेता ने कहा कि हमारी पार्टी ने बदले की भावना से कभी काम नहीं किया। भाजपा वाले इतने निचे स्तर पर जाकर काम की है, पूछिए मत। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल ने लोगों के मकान गिराए, लोगों की जमीन कब्जा की है, न जाने और क्या क्या।
अपराध पर सपा ने भाजपा को घेरा
उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। प्रतिदिन रेप और बलत्कार की घटनाएं सामने आती रहती हैं। सपा नेता पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में 34 पुलिस वालों की हत्या, 34 वकीलों की हत्या, 14 भाजपा नेताओं की हत्या ,13 बसपा वालों की हत्या, 200 से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। सपा के जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने लोग जब विकास की बात पूछते हैं तो भाजपा वाले उलुल जुलुल बातें करने लगते हैं। सपा नेता ने कहा कि किसानों की हत्या करने वाली भाजपा, रोजगार छिनने वाली भाजपा, हिंदु और मुस्लिम पर केवल बात करने वाली भाजपा...जब गंगा में लाशें तैर रही थीं तब कहां थीं? उन्होंने आगे कहा कि कोरोना काल में सपा के कार्यकर्ताओं ने लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि सपा 2022 का चुनाव उसी विकास के बूते लड़ेगी जो उन्होंने किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि रातों रात पूंजीपतियों का लाखों करोड़ों रुपये माफ करने वाली सरकार में किसान आवारा पशुओं की तरह परेशान थे। यह सरकार दोबारा नहीं आ पाएगी। वहीं, सपा ने कहा 2022 में भाजपा का सफाया। वहीं, भाजपा समर्थकों ने कहा कि इस सरकार में सुरक्षा व्यवस्था पहले से बेहतर हो गई है जबकि सपा समर्थकों ने कहा कि जो आज भाजपा की गोद में बैठे हैं वही पहले वसुली करवाते थे।