UP Election 2022: हरदोई में रोजगार, शिक्षा और महंगाई पर खुलकर बोलीं महिलाएं, सुरक्षा को लेकर कही ये बात
चाय पर चर्चा के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' देश की आधी आबादी के बीच पहुंचा। यहां महिलाओं ने खुलकर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की।
विस्तार
अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' देश की आधी आबादी के बीच पहुंचा। हरदोई के आवास विकास कॉलोनी में यहां की महिलाओं ने कहा कि यहां सड़कें खराब हैं, गंदगी की सबसे बड़ी समस्या है। इसके साथ ही महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी खुलकर बात की। इस दौरान देश की आधी आबादी ने वर्तमान सरकार के कामकाज की खूब तारीफ की लेकिन कहा यहां काफी कुछ और करने की आवश्यकता है। पढ़िए किसने क्या कहा?
पहले से काफी बदल गया हरदोई?
देश की आधी आबादी से बातचीत में ज्यादातर महिलाओं ने कहा कि हरदोई पहले से काफी बदल गया है। विनिता पांडे (शिक्षिका) ने कहा कि यहां बहुत बदलाव हुए हैं। केंद्र में मोदी और राज्य में योगी जी के आने से यहां काफी बदलाव हुआ है। रेलवे और बस स्टेशन काफी बदल गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सौंद्रियकरण में काफी कुछ होना बाकी हैं। पार्क गंदे हैं। पेपर पर तो बहुत कुछ हुआ है पर उसे जमीनी स्तर पर लाने की दरकार है। वहीं, गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि यहां गंदगी की समस्या है। इस पर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है।
महिला सुरक्षा का बड़ा मुद्दा उठा
गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि महिला सुरक्षा का मुद्दा अभी भी है। बेटियां अभी भी सुरक्षित नहीं हैं। हां, महिला सुरक्षा पर काफी ध्यान दिया गया है, पर अभी भी समस्या है। वहीं, एक महिला वकील ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पर पहले से ज्यादा काम हुआ है। सुरक्षा के लिहाज के इस सरकार ने बेहतर काम किया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस रहती है। पहले के मुकाबले छेड़खानी के मामले कम हैं। पहले हम देर शाम तक दुकानें भी नहीं खोल सकते थे लेकिन अब वो समस्या नहीं हैं। हां कुछ कमिया हैं, जिसे लगातार सुधारा जा रहा है। शिक्षिका शिवांगी सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा के मामले में हरदोई पहले से बेहतर है पर उतना सुरक्षित नहीं है। सुजाता द्विवेदी ने कहा कि सुरक्षा, साफ सफाई....जो भी और मुद्दें हैं, इस पर कुछ ध्यान हमलोगों को भी देने की जरूरत है, सब कुछ तो सरकार ही नही कर देगी। दशकों बाद हमलोगों को ऐसी सरकार मिली है, जिसकी वजह से हम खुलकर बात कर सकते हैं।
शिक्षा पर भी उठे सवाल
कुछ महिलाओं ने शिक्षा पर भी सवाल उठाए। आयुषी (टीचर) हरदोई में उच्च शिक्षा के लिए कुछ खास व्यवस्था नहीं है। हर किसी को इसके लिए दिल्ली और लखनऊ जाना पड़ता है। प्रतियोगी परीक्षा के लिए भी उतनी व्यवस्था नहीं है। इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिहाज से यहां लड़कियों के लिएकोई व्यवस्था नहीं है। वहीं, अनुराधा मिश्रा (शिक्षिका) ने कहा कि बच्चियों की शिक्षा को लेकर हरदोई की स्थिति पहले से काफी सुधरी है। लड़कियों के लिए डिग्री कॉलेज, मेडिकल कॉलेज सब हैं। अच्छी शिक्षा जा रही हैं। यहां से तीन से चार महिला कॉलेज हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से हम खुश हैं। हालांकि, अनुराधा ने कहा कि हम इस सरकार को दोबार चुनना चाहेंगे, लेकिन कुछ समस्याएं हैं जो दूर हो जाए। उन्होंने कहा कि हरदोई में बाईपास नहीं है, उस पर सरकार को ध्यान देने की दरकार है। शिक्षक होने के नाते मैं कहना चाहूंगी कि कोरोना काल में कई शिक्षक वित्तविहिन हो गए। कइयों की तनख्वाह नहीं मिली, कई बेरोजगार हो गए। अगर दोबारा सरकार बनती है तो इन चीजो पर ध्यान देने की आवश्कता है। उन्होंने सड़का दुर्घटना का भी मुद्दा उठाया।
विकास पर क्या बोलीं महिलाएं?
सरोजनी नाम की एक महिला ने कहा कि हरदोई काफी बदल गया है। पहले यहां 15-15 दिन बिजली नहीं रहती थी। अब बिजली सही हो गई, सड़कों के हालात सुधर गए। इस सरकार ने गरीबों को सहायता प्रदान की। हम इस सरकार से खुश हैं। पूजा गुप्ता ने 'सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास' के अनुसार देश विकास की ओर अग्रसर है। वर्तमान सरकार में काफी कुछ काम हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में इस सरकार ने जिस तरह से काम किया वह काबिले तारीफ है। सबको फ्री में टीकाकरण, गरीबों को राशन और न जाने क्या क्या। वहीं, संजू श्रीवास्तव ने कहा कि इस सरकार में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिला है। गरीब महिला को उद्दोग धंधा के बारे में अच्छी जानकारी मुहैया कराई जा रही है। महिलाएं काफी उन्नति कर रही हैं। उनके सोच में काफी बदलाव हुआ है। गांव में कई सारी योजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा कुछ महिलाओं ने कहा कि यहां डेंगू की समस्या है। नाली की समस्या से यहां लोग जूझ रहे हैं। इस पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है।
महंगाई भी मुद्दा
इंदु शुक्ला नाम की एक महिला ने कहा कि मोदी सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है लेकिन महंगाई की मार सबको परेशान कर रही है। इस महंगाई से सब लोग परेशान है। बेरोजगारी बढ़ गई है। लोगों को नौकरी से निकाल दिया गया है। इनकम है नहीं और मंहगाई इतनी बढ़ गई। चुनाव में यह एक बड़ा मुद्दा है। संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ महिलाएं ऐसी हैं जो आगे बढ़कर काम करना चाहती हैं। अचार, पापड़, बरी का काम कर रही हैं। आने वाले समय में ये महिलाएं और अच्छा काम करेंगी।