Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   unnao news

Unnao News: हर दूसरी महिला एनीमिक... 4.40 लाख महिलाओं में हीमाेग्लोबिन कम

Tue, 24 Nov 2026 01:24 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Tue, 24 Nov 2026 01:24 AM IST
विज्ञापन
unnao news
उन्नाव। जिले की 15 से 49 आयु वर्ग की 8.8 लाख महिलाओं में से 4.40 लाख महिलाएं खून की कमी (एनीमिया) से जूझ रही हैं। यानी हर दूसरी महिला एनीमिया की चपेट में हैं। हीमोग्लोबिन की कमी से न केवल महिलाओं की सेहत बिगड़ रही है, बल्कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान उनकी जान पर भी खतरा है। इनमें प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, समय से पहले डिलीवरी और कम वजन के बच्चे के जन्म का जोखिम है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं में रक्त की कमी दूर करने के लिए विभिन्न अभियान चलाने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद जिले की महिलाएं रक्तअल्पता से जूझ रही हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण सर्वे-पांच के आंकड़ों के मुताबिक जिले की 49.6 फीसदी महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। ऐसी महिलाओं में वजन कम होने की शिकायतें भी हो रही हैं। इससे जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए चलाए जा रहे अभियान प्रभावी नहीं हो पा रहे हैं।
विज्ञापन

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले में 14.78 लाख महिलाएं थीं, जिनकी संख्या 15 साल बाद करीब 17.4 लाख पहुंच गई है। जिनमें 8.8 लाख महिलाएं 15 से 49 आयु वर्ग की हैं। एनएचएफएस पांच के आंकड़ों के मुताबिक जिले की करीब 4.40 लाख महिलाओं में खून की कमी है। इनमें तीन से चार प्रतिशत महिलाएं ऐसी हैं जिनके शरीर में सात ग्राम प्रति डेसीमिल से कम हीमोग्लोबिन है। 45 से 48 हजार गर्भवती महिलाएं खून की कमी से जूझ रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

पर्याप्त पोषण का अभाव
महिलाओं में एनीमिया के पीछे कई सामाजिक और शारीरिक कारण हैं। ग्रामीण परिवारों में महिलाओं के सबसे अंत में भोजन करने की परंपरा के कारण उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, गुड़, चना और प्रोटीन युक्त आहार पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता। भोजन के तुरंत बाद चाय पीने की आदत भी शरीर में आयरन को अवशोषित होने से रोकती है। इसके साथ ही कम उम्र में विवाह और दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतर न होने से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है। वहीं हर छह महीने में दी जाने वाली कृमिनाशक (एल्बेंडाजोल) दवा की अनदेखी और माहवारी के दौरान होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव को सामान्य मान लेना भी महिलाओं को एनीमिक बना रहा है।

नहीं प्रभावी हो रहे अभियान
महिलाओं व बच्चों में खून की कमी दूर करने के लिए साल 2018 से एनीमिया मुक्त भारत अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड की दवा दी जाती है। इसके साथ ही हर छह माह में पेट के कीड़े मारने की दवा भी दी जानी है। स्वास्थ्य विभाग आशा और एनएनएम के जरिये निशुल्क दवा वितरित कर रहा है। हालांकि कई बार गैस, कब्ज या जी मिचलाने जैसे सामान्य साइड इफेक्ट के कारण महिलाएं इन्हें बीच में ही छोड़ देती हैं।

आयरन युक्त भोजन करने की सलाह
फिजिशियन डॉ. एसके वर्मा के मुताबिक एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को दाल, बीन्स, चुकंदर, पालक, सूखे मेवे, शहद समेत अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जाती है। इनके जरिये शरीर में तेजी से आयरन की पूर्ति होती है। इसके साथ विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन भी शरीर में खून की कमी दूर करने में प्रभावी है। एनीमिया के लक्षण होने पर खून की जांच कराएं, बगैर डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा का सेवन न करें।


वर्जन...



महिलाओं में खून की कमी दूर करने के लिए आयरन और फोलिक एसिड दवाओं का निशुल्क वितरण किया जाता है। इसके साथ ही पेट के कृमि (हुकवर्म) से होने वाली रक्त अल्पता से बचाने के लिए हर छह माह में कृमि नाशक एल्बेंडाजोल दवा भी वितरित की जाती है। हालांकि कई बार महिलाएं सामान्य साइड इफेक्ट के चलते दवाएं बंद कर देती हैं। ऐसी महिलाओं को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाए जा रहे हैं।-एके शर्मा, सीएमओ।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed