कानपुर। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर मुर्तजानगर नहर के पास शुक्रवार को दूसरी लेन के डामरीकरण का कार्य शुरू होने से लखनऊ से कानपुर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। तीन किलोमीटर तक लगे जाम से पूरे दिन यातायात रेंगता रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
92 करोड़ की लागत से खस्ताहाल हो चुके कानपुर-लखनऊ हाईवे की मरम्मत और दो परत डामरीकरण का ठेका जीएस फर्म को दिया गया है। हालांकि, करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी कार्य अधूरा है। शुक्रवार को मुर्तजा नगर नहर के पास डामर की दूसरी परत बिछाने का काम शुरू होते ही तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आधी लेन पर निर्माण कार्य चलता रहा और शेष आधी लेन से वाहनों को गुजारा गया, जिससे दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।