उन्नाव। सुखदेव प्रसाद गुप्ता अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शास्त्री क्लब ने कोल्ट्स क्लब को एक रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कृष्ण शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
शुक्लागंज स्थित सप्रू क्रिकेट मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शास्त्री क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में सभी विकेट खोकर 98 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कृष्ण शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्ट्स क्लब की टीम 25 ओवरों में मात्र 97 रन ही बना सकी और मैच एक रन से हार गई। कोल्ट्स क्लब की ओर से साहिल वर्मा ने 22 रन बनाए।
मैच से पहले उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर पिच क्यूरेटर शिव कुमार के आकस्मिक निधन पर सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मैच के बाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी राकेश अस्थाना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कृष्ण शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। ओम मिश्रा, साकिर हुसैन, अजय त्रिवेदी, आशीष, प्रदीप शुक्ला, अरशद राजा और अभय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।