हादसों में किशोर की मौत, बारह लोग घायल
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर पतसिया गांव निवासी श्रवण कुमार व उसकी बेटी दीपिका परिवार के ही अर्पित (16) पुत्र विनीत के साथ बाइक से न्यू कटरा बांगरमऊ निवासी अर्पित के मामा कृष्ण मोहन तिवारी के यहां जा रहे थे। बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर बेरियागाढ़ा गांव के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक पीछे से ट्रक में भिड़ गई। हादसे में अर्पित की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पिता पुत्री घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक के आगे कानपुर जिले के चौबेपुर निवासी रामकुमार की बाइक गिर जाने से ट्रक चालक ने ब्रेक मारी इससे यह हादसा हुआ। दूसरी घटना अचलगंज थानाक्षेत्र के आंटा बंथर के पास हुई। किदवई नगर डिपो कानपुर से रायबरेली जा रही वहीं सवारियां बैठाकर उन्नाव जा रही टेंपो में टक्कर हो गई। अनियंत्रित टेंपो एक दीवार से टकरा गया। टैंपो में सवार बिटान(40) निवासी निहालखेड़ा गंगाघाट, कौशल(35) व भूरे(45) अचलगंज, मोहम्मद हसन(60) निवासी सुपासी, पवन(27) ताजपुर नवस्ता अचलगंज, उमाशंकर(45) गोपालनगर बिधनू व सुनीता(28) निवासी अहिरवां कानपुर के अलावा चार अन्य टेंपो सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही सीएचसी से एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को सीएचसी लाए। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई थी लेकिन मुकदमा अभी नहीं लिखा गया है।