फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   MP reprimanded the regional pollution officer over pollution from industrial units

Unnao News: औद्योगिक इकाइयों के प्रदूषण पर सांसद ने क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी को लगाई फटकार

Sun, 25 May 2025 12:19 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Sun, 25 May 2025 12:19 AM IST
विज्ञापन
MP reprimanded the regional pollution officer over pollution from industrial units
उन्नाव। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की शनिवार दोपहर विकास भवन में हुई बैठक में औद्योगिक इकाइयों से उठती दुर्गंध और प्रदूषण पर सांसद साक्षी महाराज ने क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी को फटकार लगाई। अमृत योजना व रीवैंप योजना का काम पूरा न होने पर जल निगम और बिजली विभाग के अधिकारी निशाने पर रहे।
विज्ञापन

सांसद ने क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी शशि बिंद से कहा कि जैसे ही शहर में प्रवेश करते हैं, दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में इकाइयों से आती दुर्गंध और विषैले धुएं से स्वागत होता है। इससे जिले का नाम खराब होता है। विभाग प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। पुरवा विधायक अनिल सिंह ने तल्ख लहजे में क्षेत्रीय अधिकारी को कार से उतरकर थोड़ी देर दही चौकी के पास रुक कर बदबू को महसूस करने का सुझाव दिया। विधायक ने कहा कि इनका घर क्यों न वहीं बनवा दिया जाए। बैठक में जलनिगम, बिजली व पीडब्ल्यूडी अधिकारी भी जनप्रतिनिधियों के निशाने पर रहे।
विज्ञापन

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सांसद साक्षी महाराज बैठक में पहुंचे थे। प्रदूषण विभाग के बाद सांसद ने अमृत योजना की प्रगति की जानकारी ली। जल निगम एक्सईएन ने शहरी क्षेत्र में काम पूरा होने का जवाब देकर बचाव की कोशिश की। इस पर सांसद ने फटकारते हुए कहा कि आए दिन पाइप लाइन फट रहीं हैं। किसी भी क्षेत्र में जलापूर्ति आज तक चालू नहीं हो सकी है। अगर कहीं जलापूर्ति चालू भी कर दी है तो इसकी जानकारी मुझे क्यों नहीं दी। इसका शुभारंभ क्यों नहीं कराया। चेतावनी दी कि अगर एक महीने में काम धरातल पर नहीं दिखा तो कार्रवाई कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुरवा विधायक अनिल सिंह ने सवाल किया कि क्षेत्र में 20 साल पहले बनी अधिकांश पानी की टंकियों से जलापूर्ति क्यों नहीं हो रही है। इसका जवाब जल निगम के अधिकारी नहीं दे पाए। इसके बाद सांसद ने बिजली विभाग की रीवैंप योजना की प्रगति को लेकर सवाल किया। अधिकारियों ने शहर में काम लगभग पूरा होने की जानकारी दी तो सांसद ने कहा कि इसके बाद भी बिजली आपूर्ति में सुधार क्यों नहीं दिख रहा है। लोकल फाल्टों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोगों को परेशानी हो रही है। साफ कहा कि इसमें जल्द सुधार करें, वर्ना कार्रवाई के लिए तैयार रहें। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने जिले में संचालित फैक्टरियों में जिले के लोगों को प्राथमिकता न देने का मुद्दा उठाया। कहा कि जनपद में जो फैक्टि्ररियां संचालित हैं, उनमें अधिकतर बाहर के कर्मचारी हैं। इस पर डीएम ने सभी फैक्टरी संचालकों के साथ बैठक करने की बात कही।

भगवंतनगर विधायक बोले- सड़क किनारे उगीं झाड़ियों को नहीं कटवा रहे अधिकारी
पीडब्ल्यूडी की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने यहां तक कह डाला कि औरास की तरफ बनी सड़कों में लोकार्पण पत्थर लगाकर उनका नाम क्यों नहीं डाला गया। भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने कहा कि मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों के कटवाने के लिए कई बार कहा गया कि पीडब्ल्यूडी एक्सईएन कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर ने एक्सईएन से पूछा, चकलवंशी से मियांगज मार्ग को गड्ढामुक्त करने की बात कही जा रही है, क्या धरातल पर गड्ढे भरे हैं। एक्सईएन ने जवाब में कहा कि मार्च में सभी गड्ढे भरवाए गए थे। फिर हो गए हैं। पुरवा विधायक ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों के कम रेट पर टेंडर पड़ते हैं, जिसका असर गुणवत्ता पर पड़ता है। मौरांवा चेयरमैन विवेक सेठ ने कहा कि सरकारी अस्पताल के फार्मासिस्ट दवा बाहर बेच लेते हैं। इसकी जांच कराई जा सकती है। सांसद ने प्रभारी सीएमओ को मौरावां के अस्पताल पर विशेष ध्यान देने और ट्रामा सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र के विकास के साथ विरासत का भी करें संरक्षण
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास के साथ ही विरासत का भी संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि जनपद कानपुर-लखनऊ के मध्य है। इसी कारण भू-माफिया सड़क के किनारे गरीब किसानों की जमीनों को गलत तरीके से हथियाने का काम करते हैं। अधिकारी ऐसे मामलों पर रोक लगाएं। निर्माणाधीन मार्गों के दोनों तरफ अवैध तरीके से किसानों की जमीनों से निकाली गई मिट्टी का स्थान चिह्नित करके रिपोर्ट देने के निर्देश पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को दिए। वहीं जनप्रतिनिधि के आने पर अधिकारियोंं द्वारा प्रोटोकाल के तहत खड़े न होने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि प्रोटोकाॅल के तहत सम्मान करें। सीवीओ से कहा कि कोई भी छुट्टा मवेशी खुले या सड़क पर नहीं दिखना चाहिए।


यह भी रहे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, एमएलसी अरुण पाठक, डीएम गौरांग राठी, एसपी दीपक भूकर, सीडीओ कृति राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed