डेंगू से सिपाही समेत दो लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीतापुर जिले के संधना थानाक्षेत्र के लोहुमपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश (35) पुत्र लल्लूराम रावत शहर कोतवाली में तैनात था। 13 सितंबर को बुखार आने पर वह लखनऊ अपने परिवार के पास चला गया। 15 सितंबर को वापस आकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली। इसी दिन दोबारा तबियत बिगड़ने पर तीन दिन की छुट्टी लेकर लखनऊ चला गया। परिजनों ने उसे लखनऊ मेडिकल कालेज ( केजीएमसी) में भर्ती कराया था। रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल कालेज के डाक्टर ने डेंगू से मौत की पुष्टि की है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि सत्यप्रकाश की मौत की सूचना मिली है। गंजमुरादाबाद के ग्राम सिरधरपुर गैरएहतमाली निवासी नबी अहमद (35) पुत्र मो. रफी को हफ्तेभर पूर्व बुखार आया था। गांव में ही इलाज करा रहा था, लेकिन हालत बिगड़ती गई। परिजनों ने तीन दिन पूर्व उसे लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर डाक्टरों ने आरक्षित वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया। शनिवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। इसके अलावा गांव के अमलेश (20) पुत्र कैलाश, कैलाश (24) पुत्र नन्हक्के, राजबहादुर (35) पुत्र रामदीन, दरक्शा (19) पुत्री अय्यूब तथा हिना (18) पुत्री मुस्तफ ा कई दिन से डेंगू से पीड़ित हैं। सभी का लखनऊ के ही मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। गांव में करीब एक सैकड़ा लोग वायरल की चपेट में हैं। इसी तरह गंजमुरादाबाद के मोहल्ला अहिराना में राम सिंह यादव की 20 वर्षीय पुत्री मोनी की रविवार की रात लखनऊ में नर्सिंगहोम में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कपूरपुर में महिला समेत दो की वायरल फीवर से मौत
गंजमुरादाबाद। ग्राम कपूरपुर में वायरल फीवर से महिला सहित दो लोगों की शनिवार शाम मौत हो गई। गांव निवासी जग्गू (50) पुत्र भिम्मा तीन दिन पूर्व वायरल फीवर की गिरफ्त में आ गया था। उसका उपचार बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चल रहा था। शनिवार शाम उसकी तबियत कुछ ज्यादा ही खराब हो गई तो परिजन उसे बांगरमऊ ले जाने की व्यवस्था कर ही रहे थे कि तभी उसने घर में दम तोड़ दिया। इसी प्रकार इसी गांव की रुखसाना (25) पुत्री गफ्फ ार की भी चार दिन पूर्व तबियत खराब हो गई थी। उसका उपचार गांव के एक प्राइवेट क्लीनिक में चल रहा था लेकिन हालत सुधरने की बजाय और बिगड़ती चली गई। उसका इलाज कराने के लिए उसके मायके वाले उसे क्षेत्र के ही ग्राम हयातनगर ले गए थे तभी उसने अपने मायके में ही दम तोड़ दिया।
हर घर में वायरल फीवर के मरीज
गंजमुरादाबाद। ग्राम कपूरपुर में करीब एक सैकड़ा मरीज वायरल फीवर की चपेट में आकर जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं। गांव के कल्लू खां, रामपाल, सुखदेई, खलीक, अनीबुल, भगोले, बृजेश कुमार, ताजुद्दीन, यासमीन, राजू, विपिन कटियार, निहाल, शामीन, जयपाल और शादाब सहित करीब एक सैकड़ा लोग वायरल फीवर की चपेट में हैं।
लगातार हो रही मौतें, स्वास्थ्य विभाग लाचार
गंजमुरादाबाद। नगर व ग्रामीण इलाकों में डेंगू व वायरल फीवर से करीब एक दर्जन से भी अधिक मौतें हो चुकी हैं। लेकिन इसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहे हैं। जब तक उसकी टीम एक गांव में जाकर रोग नियंत्रित करने का प्रयास करती है तब तक दूसरे गांवों में मरीजों के मरने का सिलसिला आरंभ हो जाता है। हालात धीरे-धीरे बेकाबू होते जा रहे हैं। क्षेत्र के ग्राम कमलापुर में रामप्रकाश पुत्र अहिबरन, खंभौली में पिंकी देवी पुत्री विजय कुमार तथा विवेक कुमार पुत्र रमेश कुमार, बरौंकी में महादेव पुत्र रामदयाल, आलोक कुमार पुत्र रामनरेश यादव, हैबतपुर में रामकली पत्नी भीखन, ब्योलीइस्लामाबाद में शांती देवी पत्नी नोखेलाल तथा नगर के मोहल्ला नटपुरवा में काजस पुत्री बबलू तथा मोहल्ला टेढ़ी बजरिया में रामऔतार पुत्र हरिचरन सहित एक दर्जन से अधिक लोगों की मौतें हो चुकी हैं।
गंजमुरादाबाद के इन गांवों में फैला है वायरल
नगर के अलावा ब्योलीइस्लामाबाद, कमलापुर, अकबरापुर, महमदाबाद, कलवारी, खंभौली, आशायस, अटवा वैक, महोलिया, चहोलिया, सिरधरपुर गैरएहतमाली, हैबतपुर, हसनपुर मजरा ताजपुर, कपूरपुर, पंपापुर, आजमखेड़ा, तहिरापुर, बरौंकी व बेहटामुजाबर आदि हैं।