पुरवा। स्वॉट व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात तौरा नहर पुल के पास मुठभेड़ में तीन मवेशी तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने काटने के लिए ट्र्र्र्र्र्र्र्र्र्र्र्रक में भरकर ले जाए गए 22 मवेशियों को छुड़ाकर गोशाला भेजा। पुलिस ने ट्रक व तस्करों की कार बरामद की है।
स्वॉट टीम प्रभारी गौरव कुमार ने पुरवा कोतवाली पुलिस टीम की मदद से बुधवार रात तौरा नहर पुल के पास जंगल में दबिश दी। इस दौरान वध के लिए ट्रक से नीचे उतारकर मवेशियों के हाथ पैर रस्सी से बांध रहे तस्करों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर तीन तस्करों को पकड़ लिया। एक गच्चा देकर भाग निकला। पुलिस ने 22 पशुओं को गदोरवा की गोशाला भेजा। मौके से ट्रक व तस्करों की कार बरामद कर कोतवाली ले गए। तस्करों ने अपना नाम प्रयागराज जिले के करैली थाना क्षेत्र के बक्शी मोड़ निवासी मशरूर गद्दी, अंबेडकर नगर के अकबरपुर के रतनपुर निवासी सरफुद्दीन व बहराइच के दरगाह शरीफ निवासी आफरोज अहमद व फरार साथी का नाम अंबेडकर नगर के लोरपुर गांव निवासी बरकत अली बताया। पुलिस ने दो तमंचा, दो कारतूस, तीन खोखा, चाकू, रस्सी, बांका, एक कुल्हाड़ी बरामद की है।