सरकार के काम और जनता के सम्मान के नाम पर मांगा समर्थन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ से समाजवादी विकास रथ लेकर निकले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 5.38 बजे शुक्लागंज के स्टेडियम में पहुंचे। सफेद कुर्ता पायजामा और काली सदरी पहने मुख्यमंत्री सिर पर लाल टोपी भी लगाए रहे। यह देख पंडाल में मौजूद युवा जोशीले नारे लगाने लगे। उन्होंने मंच के नीचे से ही हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वह मंच की ओर बढ़े तो उनके पीछे दूसरे नंबर पर पार्टी के प्रवक्ता रहे राजेंद्र चौधरी नजर आए। उन्होेंने उन्नाव से कानपुर के लिए बने 12.70 किलोमीटर चार लेन सड़क, साइकिल ट्रैक, सोलर प्लांट सहित 1760 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 5.59 बजे माइक संभाला। उन्होंने मंच पर मौजूद एक-एक मंत्री का नाम लेते हुए समाजवादी रथयात्रा का मकसद भी बताया। कहा कि उनकी पिछली साइकिल यात्रा के बाद यूपी में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनी थी। इस बार भी वह रथ लेकर निकले हैं। इसके जरिए अब तक के कार्यकाल में जितना काम किया है, उससे लोगों को वाकिफ कराएंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेट्रो से लेकर एक्सप्रेस वे तक का बखान किया। साथ ही उन्नाव- शुक्लागंज हाईवे को चार लेन बनवाने, साइकिल ट्रैक बनवाने आदि का बार- बार जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अपनी साइकिल यात्रा के दौरान ही इस सड़क को चार लेन बनवाने का संकल्प लिया था, जो अब पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने करीब 38 मिनट के भाषण में सिर्फ और सिर्फ काम पर जोर दिया। भाजपा एवं बसपा सरकार पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में जितना काम किया है, इतना अभी तक किसी भी सरकार ने नहीं किया है। विकास से ही खुशहाली का रास्ता बनता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिकों, किसानों और नौजवानों के सम्मान का भी मुद्दा उठाया। कहा कि अभी तक थाने जाने पर लोगों को अपमानित भी होना पड़ता रहा होगा, लेकिन यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है। एंबुलेंस के फायदे गिनाते हुए कहा कि आगे से एंबुलेंस की तर्ज पर ही पुलिस की व्यवस्था होगी। भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ दिवाली मनाने से सैनिकों का सम्मान नहीं होगा। युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को सम्मान देने लिए पहले प्रशिक्षित करना होगा और काम देना होगा। भाजपा ने सिर्फ डिजीटल इंडिया का नारा दिया, जबकि समाजवादी सरकार ने छात्रों को लैपटॉप मुहैया कराएं हैं, भविष्य में स्मार्ट फोन भी देंगे। टेक्नालाजी से जिंदगी संवरेगी।
पहली अग्निपरीक्षा में पास होते नजर आए अखिलेश
उन्नाव। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहली अग्निपरीक्षा में पास होते नजर आ रहे हैं। एक तरफ तमाम युवा उनके स्वागत में पलक पांवड़े बिछाए नजर आए तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भी पारिवारवाद की छाया से पूरी तरह अलग नजर आए। वह सिर्फ और सिर्फ समाजवाद की दुहाई देते रहे।
समाजवादी कुनबे में चले रार के बाद रथयात्रा लेकर निकले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस बार की जनसभा में काफी हद तक अलग नजर आए। स्थिति यह रही कि सिर्फ एक्सप्रेस वे का काम गिनाते हुए एक बार सपा मुखिया का नाम लिया। कहा कि नेताजी ने एक्सप्रेस वे के लिए जितना वक्त दिया, उतने ही समय में उसे पूरा करेंगे। इसके बाद वह पूरे भाषण में बार-बार समाजवादी नेता ही बात करते रहे। उनका भाषण ही नहीं बल्कि बाडी लैंग्वेज भी बदली नजर आई। पहले वह भाषण में यह कहते थे कि हमने ढेर सारे कार्य किए हैं, लेकिन इस बार उन्होंने साफ-साफ कहा कि समाजवादियों के काम से जनता खुश है। सभा में उमड़ी भारी भीड़ से चेहरे पर आत्मविश्वास की झलक दिखाई पड़ी। उनकी इस अदा को देख पंडाल में मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान साफ दिखाई पड़ी। मंच से मुख्यमंत्री की तारीफ तो हुई ही, पंडाल में बैठे लोग भी यह कहते रहे अखिलेश यादव अब बड़े नेता हो गए हैं।
युवाओं को पुचकारा
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा के दौरान युवाओं को पुचकारने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। उन्होंने आयोजन के लिए एमएलसी सुनील सिंह यादव साजन, राजेश यादव आदि को बधाई दी तो अन्य युवाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपके ही दम पर दोबारा सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा हमेशा से उनके साथ रहा है। समाजवादियों ने युवाओं के लिए ढेर सारे काम किए हैं। आगे भी युवा उन्हें समर्थन देंगे, ऐसा विश्वास है। यह कहते हैं कि पंडाल में मौजूद युवा नारेबाजी करने लगे। उन्होंने पुलिस भर्ती का जिक्र करके युवाओं को लुभाने की कोशिश की। कहा कि समाजवादी सरकार ने पुलिस भर्ती में परीक्षा प्रणाली खत्म कर दी है।
शहीद की पत्नी को दिया 20 लाख का चेक
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंच से जम्मू में शहीद हुए कैलाश यादव की पत्नी किरन यादव को 20 लाख का चेक दिया। इस दौरान कैलाश के भाई व उनकी पत्नी को भरोसा दिया कि सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
किसने क्या कहा
अखिलेश बनाम मोदी
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रामगोविंद चौधरी ने मुख्यमंत्री की शान में कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश ही नरेंद्र मोदी का विकल्प हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी विधान सभा में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनवाएं। ताकि उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल जाए।
अखिलेश ने इतिहास रचा
समारोह को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष अनवार अहमद ने कहा कि अखिलेश सरकार ने इतिहास रचा है। उन्नाव हमेशा से समाजवादियों का गढ़ रहा है। आगे भी सभी सीटों पर सपाई परचम लहराएगा। उन्होंने उन्नाव जिले में कराए गए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।